एनसीआई@बूंदी
‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जनजाति गौरव दिवस’ का जिला-स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रशासनिक अधिकारी ओम प्रकाश वर्मा व सहायक सांख्यिकी अधिकारी धारासिंह मीणा ने दीप प्रज्ज्वलन और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा चलाए गए ‘उलगुलान’ और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए दिए गए उनके अद्वितीय बलिदान को याद किया। इस अवसर पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘जनजाति गौरव दिवस’ से सम्बंधित मुख्य कार्यक्रम के सम्बोधन का जीवंत प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) का प्रदर्शन किया गया। मंच संचालन भूपेंद्र शर्मा, उप प्रधानाचार्य, राजकीय महारानी बालिका विद्यालय बूंदी ने किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जनजाति गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं (चित्रकला, निबंध, खेलकूद, कुश्ती दौड़ आदि) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कन्या आश्रम जनजाति छात्रावास (बड़ोदिया व खटकड़) की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही जनजाति समुदाय के विकास और सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रशासनिक एवं जिला परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भारतीय जनजातियों की भावना, शक्ति और उनकी समृद्ध विरासत का जश्न मनाया तथा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
अंग्रेजी शासन से जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ी
माय भारत केन्द्र, बूंदी (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में भी बीबनवा रोड स्थित शिक्षण संस्थान में जनजाति गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. रमेश चंद मीणा रहे। विशिष्ट अतिथि खेलकूद विकास समिति अध्यक्ष शक्ति तोषनीवाल एवं यूथ आइकन दीपक शर्मा उपस्थित रहे। अध्यक्षता संस्थान प्रबंधक डीके नागर ने की। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक गोविंद प्रजापत ने किया।

मुख्य अतिथि डॉ. मीणा ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक नाम नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता का प्रतीक हैं। उन्होंने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन के खिलाफ जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ी। आज के युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज व राष्ट्र के लिए काम करना चाहिए।
संस्कृति और स्वतंत्रता आंदोलन में अमूल्य योगदान
इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि तोषनीवाल ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति और स्वतंत्रता आंदोलन में अमूल्य योगदान दिया है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है। युवाओं को प्रेरित करते हुए यूथ आइकन दीपक शर्मा ने कहा कि आज का युवा ही कल का भारत है। बिरसा मुंडा ने 25 वर्ष की आयु में इतिहास रच दिया था। हमें भी नशे से दूर रहकर, शिक्षा और खेल के माध्यम से अपने गांव, समाज और देश का नाम रोशन करना है।

संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डीके नागर ने कहा कि हमारा संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनजाति गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य बच्चों में महापुरुषों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना जगाना है। इस दौरान माय भारत केंद्र के बलराम सैनी, नंदलाल सैनी एवं महावीर धाकड़ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी व युवा मौजूद रहे।
केन्द्र से जुड़े गोविंद प्रजापत ने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञान वर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विजेता बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक गोविंद प्रजापत ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं बच्चों का आभार व्यक्त किया।
