चूरू जिले में जिला प्रमुख के चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जिला परिषद में बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। भाजपा की प्रत्याशी कनिका सिंह जिला प्रमुख चुनी गई हैं। वह पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र राठौड़ की बहू हैं।
एनसीआई@चूरू
चूरू जिले में जिला प्रमुख के चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। भाजपा की प्रत्याशी कनिका सिंह जिला प्रमुख चुनी गई हैं। वह पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र राठौड़ की बहू हैं। वहीं, बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश बुडानिया को हार का सामना करना पड़ा।
39 सदस्यों वाली चूरू जिला परिषद में कांग्रेस के 21 सदस्य जीतकर आए थे, जबकि भाजपा के पास 17 सदस्य थे। एक सीट पर माकपा (CPI-M) के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। जिला प्रमुख बनने के लिए 20 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। इस लिहाज से कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, जबकि भाजपा के पास तीन वोट कम थे। इसके बावजूद मतदान के दौरान कांग्रेस के चार सदस्यों की क्रॉस वोटिंग ने पूरा चुनावी समीकरण बदल दिया। माकपा (CPI-M) के प्रत्याशी ने भी बीजेपी को वोट किया। इसका फायदा भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह को मिला और उन्होंने जीत दर्ज कर ली। कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश बुडानिया को हार का सामना करना पड़ा। कनिका सिंह को 22 तथा प्रकाश बुडानिया को 17 वोट मिले। इस प्रकार कनिका 5 वोट से जीत गईं।
राजेन्द्र राठौड़ की रणनीति रही चर्चा में
भाजपा की ओर से कनिका सिंह के नामांकन के दौरान उनके पति पराक्रम सिंह राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा और पद्मश्री देवेंद्र झाझड़िया सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे थे। चुनाव में भाजपा की रणनीति पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में तैयार की गई थी। बहुमत के आंकड़े से पीछे होने के बावजूद भाजपा की जीत के बाद राजेन्द्र राठौड़ की भूमिका भी चर्चा में है।
दोनों दलों ने की थी सदस्यों की बाड़ाबंदी
जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने जिला परिषद सदस्यों की बाड़ाबंदी कर रखी थी। मतदान के समय ही सदस्यों को चुनाव स्थल पर लाया गया। कांग्रेस की ओर से चुनाव की कमान सांसद राहुल कस्वां, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया, तारानगर विधायक नरेन्द्र बुडानिया और पीसीसी उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया संभाल रहे थे। वहीं, भाजपा की तरफ से पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में चुनावी रणनीति तैयार की गई थी। अब बहुमत के आंकड़े के बावजूद कांग्रेस की हार और भाजपा की जीत जिले की सियासत में चर्चा का विषय बन गई है। परिणाम घोषित होने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
