चुनावी साल में अशोक गहलोत का मास्टर स्ट्रोक, की 20 बड़ी घोषणाएं
एनसीआई@जयपुर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 19 नए जिलों और 3 सम्भागों के साथ आज शुक्रवार को कई बड़ी घोषणाएं की हैं। बालोतरा, ब्यावर, अनूपगढ़, डीडवाना, कुचामन, डीग, दूदू, गंगापुर सिटी, जयपुर उत्तर, जयपुर दक्षिण, कोटपूतली, खैरथल, बहरोड़, नीमकाथाना, फलौदी, सलूम्बर, सांचोर, जोधपुर पूर्व, जोधपुर पश्चिम, शाहपुरा नए जिले होंगे। वहीं पाली, बांसवाड़ा और सीकर नए सम्भाग होंगे।
Related News:-
19 नए जिलों और तीन नए सम्भागों के साथ राजस्थान अब 50 जिलों वाला राज्य बना
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में बोलते हुए ये बड़ी घोषणाएं कीं। हरीश चौधरी की मांग पर 250 की आबादी वाले गांवों को सड़कों से जोड़ने का ऐलान किया। तो सतीश पूनिया के विधानसभा क्षेत्र आमेर सहित कई जगह कॉलेजों की घोषणा की। 500 प्राथमिक विद्यालयों को उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत करने का फैसला हुआ।पुजारियों के मानदेय में बढ़ोत्तरी की घोषणा भी हुई तो मदरसा पैराटीचर्स के पद भरे जाने की बात भी कही गई।
अशोक गहलोत की बड़ी घोषणाएं
नए जिले- बालोतरा, ब्यावर, अनूपगढ़, डीडवाना, कुचामन, डीग, दूदू, गंगापुर सिटी, जयपुर उत्तर, जयपुर दक्षिण, कोटपूतली, खैरथल, बहरोड़, नीमकाथाना, फलौदी, सलूंबर, सांचोर, जोधपुर पूर्व, जोधपुर पश्चिम व शाहपुरा
नए सम्भाग– बांसवाड़ा, पाली, सीकर
ये घोषणाएं भी हुईं
प्रदेश में 40 लाख महिलाओं को स्मार्टफोन दिए जाएंगे। इसका वितरण रक्षाबंधन से शुरू होगा। पहले चरण में चिरंजीवी परिवारों की 10वीं 12वीं छात्राओं को, विधवा महिलाओं को स्मार्टफोन दिए जाएंगे।
•कर्मचारियों को बड़ी सौगात- मार्च 2023 से कर्मचारियों को रिटायरमेंट के दिन ही समस्त पेंशन परिलाभों की घोषणा होगी।
•चिरंजीवी योजना के तहत 30 मार्च से ही प्रदेश में 25 लाख तक मुफ्त इलाज की योजना शुरू होगी।
•राजस्थान के प्रत्येक विधानसभा में 40 हैंडपम्प और 40 ट्यूबवेल की घोषणा।
•प्रदेश की पंजीकृत गौशालाओं में ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे।
•मदरसा अनुदेशक के 6 हजार 843 पद भरे जाएंगे।
•500 प्राथमिक विद्यालयों को उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किए जाएंगे।
•उज्जैन के महाकाल मंदिर की तर्ज पर जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर का विकास किया जाएगा। इसके लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया।
•राजस्थान में दो लाख परिवार घरेलू बिजली कनेक्शन से वंचित रह गए। आगले दो वर्षों में एक लाख करोड़ की लागत से कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
•राज्य में नवगठित 44 नगर पालिकाओं के मास्टर प्लान बनाए जाएंगे।
•प्रदेश के उन गांवों को भी सड़कों से जोड़ा जाएगा, जहां की आबादी सिर्फ 250 ही है। इससे पहले ये प्रावधान 500 की आबादी वाले गांवों के लिए ही था।
•जयपुर हेरिटेज की जीर्ण-शीर्ण सीवरेज लाइनों को ठीक कराया जाएगा।
•राजस्थान ड्रग फार्मास्यूटिकल को सरकारी कम्पनी बनाने की घोषणा।
•सम्भाग स्तर पर खेल प्रबंधक, जिला स्तर पर सहायक खेल प्रबंधक के पद सृजित किए।
•मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नए जिलों की घोषणा से राजस्थान में अब कुल 50 जिले हो गए है। सीकर, बांसवाड़ा और पाली के सम्भाग बनने से राजस्थान में अब कुल 10 सम्भाग हो गए हैं। सीएम गहलोत की इस घोषणा का विधानसभा में सभी विधायकों ने टेबल बजाकर स्वागत किया।
