एनसीआई@बूंदी
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला संगठन का वार्षिक अधिवेशन गुरुवार को निजी रिसोर्ट में आयोजित होगा। जिला मुख्य आयुक्त अर्चना तंवर ने मंगलवार को पदभार ग्रहण करने के साथ आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली। जिला कार्यकारिणी द्वारा जारी सूची के अनुसार अधिवेशन में राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियों पर सीओ स्काउट व गाइड सहित संगठन में दीर्घ सेवा के लिए अलंकार व यूनिट लीडर योग्यता पदक प्रदान किए जाएंगे। आजीवन सदस्यता, सामुदायिक सेवाओं व विशिष्ट सेवाओं के लिए अभिनंदन किया जाएगा।
हेडक्वार्टर कमिश्नर (प्रचार प्रसार) प्रमोद शृंगी ने बताया कि जिला अधिवेशन के समारोह में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्तकर्ता सीओ स्काउट प्रदीप चित्तोड़ा, गाइड विभाग में वरीयता सूची में पांचवां स्थान करने पर सीओ गाइड मधु कुमारी सम्मानित होंगे। वहीं राज्य स्तरीय दीर्घकालीन सेवा अलंकार डॉ. सर्वेश तिवारी को प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गरड़दा के स्काउट मास्टर विश्वजीत जोशी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देलूंदा के स्काउट मास्टर राजेंद्र प्रसाद सरोया तथा पं. मदन मोहन मालवीय स्वतंत्र रोवर क्रू के रोवर लीडर लोकेश सैनी, गाइड विभाग में श्री रघुनाथ अकेडमी की गाइड केप्टन प्रीति शर्मा तथा हिमाद्री स्वतंत्र रेंजर टीम की रांजल लीडर निकिता कुमावत को यूनिट लीडर की हिमालय वुड बैज योग्यता से सम्मानित किया जाएगा।
पेयजल और पर्यावरण संरक्षण कार्यों के लिए भी होंगे सम्मानित
लम्बे समय से पेयजल पर्यावरण संरक्षण की सामुदायिक विकास सेवाओं के लिए संगठन के वरिष्ठ सदस्यों का संगठन मृदुल अग्रज सेवादल, सक्रिय सहभागिता पर राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए नामांकन होने पर स्काउट विभाग में श्री रघुनाथ अकेडमी, मालवीय स्वतंत्र रोवर क्रू व हिमाद्री स्वतंत्र रेंजर टीम को सम्मानित किया जाएगा।
जिला सचिव प्रदीप चित्तोड़ा ने बताया कि अधिवेशन में कार्यकारिणी द्वारा अनुमोदित आजीवन सदस्यों को सदस्यता प्रदान की जाएगी। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि के लिए स्थानीय संघ बूंदी, देई, नैनवां, लाखेरी, हिंडोली, केशवरायपाटन व तालेड़ा को पुरस्कृत किया जाएगा। विशिष्ट सेवाओं के लिए डॉ. बीके शर्मा, सामुदायिक विकास योगदान के लिए उमा हाड़ा, देहदान नामांकन पर संगीता प्रभु व मानद सेवाओं के लिए प्रमोद शृंगी को सम्मानित किया जाएगा।
उपलब्धियों व भावी योजनाओं पर मंथन भी होगा
संयुक्त सचिव मधु कुमारी ने बताया कि जिला स्तरीय वार्षिक अधिवेशन में स्काउट गाइड परिवार की उपलब्धियों व भावी योजना पर मंथन किया जाएगा। आयोजन में जिले भर के स्काउट जिला परिषद सदस्य पदाधिकारी व विशिष्ट आमंत्रित व्यक्ति सहभागिता करेंगे।
