एनसीआई@जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक नाबालिग कोचिंग छात्रा से उसके ही रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया, फिर कुछ दिन बाद मेट्रो स्टेशन पर बुला कर ऊपर से धक्का देकर नीचे फेंक दिया। इससे वह गम्भीर घायल हो गई। एक ई रिक्शा चालक ने उसे झाड़ियों में बेहोशी की हालत में पड़ा देख कर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया।
एसएचओ अजयकांत ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सिरोही निवासी एक सरकारी कर्मचारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया गया है कि उनकी नाबालिग बेटी जयपुर में रहकर रीट (REET) की कोचिंग कर रही है। वहीं आरोपी रिश्तेदार जोधपुर में रहकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहा है। एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती बेटी ने उन्हें बताया कि रिश्तेदार होने के कारण पिछले 5 साल से उन दोनों की आपस में बातचीत होती रहती थी। 25 अगस्त को आरोपी रिश्तेदार जयपुर आया और उसे मिलने के लिए बुलाया। मिलने जाने पर वह रिश्तेदार उसे महेश नगर स्थित एक होटल में ले गया। वहां उसने एक कमरे में उससे दुष्कर्म किया। फिर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
इसके दो दिन बाद फिर आरोपी रिश्तेदार ने पीड़िता को मेट्रो स्टेशन पर मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि यह रिश्तेदार 27 सितम्बर को फिर कॉम्पिटिशन एग्जाम देने के लिए जयपुर आया। तब उसने छात्रा को कॉल कर मिलने के लिए न्यू आतिश मार्केट मेट्रो स्टेशन पर बुलाया। पिता ने रिपोर्ट में बताया है-उस दिन दोपहर करीब एक बजे मेट्रो स्टेशन पर मिलने जाने पर दोनों में कहासुनी हो गई। गुस्से में आरोपी रिश्तेदार ने उसे मेट्रो स्टेशन से धक्का देकर नीचे फेंक दिया। झाड़ियों में नीचे गिरने से वह बेहोश हो गई। देर शाम एक ई रिक्शा ड्राइवर ने उसे झाड़ियों में पड़ा देखकर एसएमएस हॉस्पिटल में एडमिट करवाया।
रीढ़ की हड्डी में गम्भीर चोट लगने से घायल
बेटी के एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती होने की जानकारी मिलते ही परिजन जयपुर पहुंचे। पीड़िता की रीढ़ की हड्डी में गम्भीर चोट लगने के साथ उसके एक पैर में फ्रेक्चर का इलाज शुरू किया गया। हॉस्पिटल में भर्ती इस छात्रा ने हालत में सुधार होने पर परिजन को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता के पिता ने मेट्रो थाने में आरोपी रिश्तेदार के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने रेप, पॉक्सो और हत्या के प्रयास में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना इंचार्ज अजयकांत ने बताया-मेट्रो प्रबंधन से घटना वाले दिन (27 सितम्बर) के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा गया है।
