एनसीआई@जयपुर
जयपुर की मुहाना मंडी में आलू की बम्पर आवक से थोक भाव में 6 से 8 रुपए की कमी आई है। पिछले साल 12 से 13 रुपए किलो बिकने वाला आलू इस बार 4 से 7 रुपए किलो बिक रहा है। वहीं, कोल्ड स्टोरेज में भी आलू का स्टॉक फुल होने से किसानों को फसल के अच्छे भाव नहीं मिल रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार, दिसम्बर तक आलू के भाव में तेजी आने की संभावना कम हैं।
दूसरी ओर, प्याज के भाव में भी गिरावट आई है। करीब एक महीने पहले 50 से 55 रुपए किलो तक बिकने वाला प्याज अब 40 रुपए किलो बिक रहा है। मुहाना मंडी में मध्य प्रदेश का प्याज 25 से 30 रुपए किलो, नया प्याज 40 रुपए किलो और नासिक का प्याज 42 से 48 रुपए किलो बिक रहा है। प्याज के थोक व्यापारी दयानंद देवनानी ने बताया कि प्याज मंहगा होने के कारण मांग कम होने से भाव में नरमी आई है।

यहां उल्लेखनीय है कि जयपुर की मुहाना मंडी राजस्थान की सबसे बड़ी फल एवं सब्जी थोक मंडी है। यह राजस्थान ही नहीं, बल्कि उत्तर भारत और एशिया की प्रमुख थोक मंडियों में गिनी जाती है, जहां प्रतिदिन हजारों टन ताजे फल और सब्जियों का कारोबार होता है। इस प्रकार यहां के भावों का असर सब तरफ होता है।
आपूर्ति व्यवस्था: यह पूरे राजस्थान की सब्जी और फल आपूर्ति व्यवस्था की रीढ़ है। यहां कई राज्यों से माल आता है और यहां से प्रदेश के विभिन्न जिलों में आपूर्ति होती है। मुहाना मंडी जयपुर के सांगानेर के पास मुहाना गांव (कांखा कीआई धनी) में स्थित है।
खरीद-फरोख्त: यहा थोक के साथ-साथ खुदरा बिक्री भी होती है, और बड़े आयोजनों व शादियों के लिए लोग सीधे यहीं से खरीदारी करना पसंद करते हैं।
दिसम्बर तक तेजी की उम्मीद नहीं
जयपुर मुहाना आलू आढ़तिया संघ के अध्यक्ष मदन शर्मा ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में आलू का इतना स्टॉक है कि दिसम्बर तक सप्लाई इसी से हो सकती है। नवम्बर के दूसरे सप्ताह से पंजाब में आलू की नई फसल आनी शुरू हो जाएगी। इसके बाद हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश से भी आलू आने लगेगा।
पिछले साल आलू के अच्छे भाव मिलने के कारण किसानों ने कीमत और बढ़ने की उम्मीद में आलू बेचने की बजाय कोल्ड स्टोरेज में रख लिए थे। अब बाजार में सप्लाई ज्यादा होने से भाव कम मिल रहे हैं। हालात यहां तक हैं कि किसानों के लिए मंडी तक आलू लाने का खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में खेतों से नई फसल लाने की बजाय कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालकर बेचा जा रहा है। मुहाना मंडी में फिलहाल 3797, 302, हाइब्रिड और लाल आलू की किस्में बिक रही हैं।

जयपुर से कई शहरों में भेजा जाता है आलू
मुहाना मंडी में रोजाना 100 से 125 गाड़ियां आलू लेकर पहुंचती हैं। एक गाड़ी में करीब 15 टन आलू होता है। इस हिसाब से रोज करीब 1500 से 1875 टन आलू की आवक होती है। जयपुर में रोज करीब 100 से 125 टन आलू की खपत है, जबकि आसपास की मंडियों में 600 से 700 टन आलू की खपत होती है।
मुहाना मंडी से आलू उदयपुर, जोधपुर, किशनगढ़, ब्यावर, बीकानेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, पाली और शेखावाटी में भेजा जाता है। कुछ क्षेत्रों में स्थानीय मंडियों तक सीधे सप्लाई होती है, जबकि कुछ जगहों पर भरतपुर और आगरा मंडी से भी आलू पहुंचता है।
कम भाव के कारण किसान घटा सकते हैं बुवाई
मदन शर्मा ने बताया कि इस बार पंजाब में बारिश कम हुई है। साथ ही, किसानों को आलू के अच्छे भाव नहीं मिलने के कारण बुवाई कम होने की सम्भावना है। इससे आने वाले समय में आलू की पैदावार प्रभावित हो सकती है और आगे भाव बढ़ने की संभावना रहेगी। हालांकि, कोल्ड स्टोरेज में पर्याप्त स्टॉक और नई फसल की आवक के चलते दिसम्बर तक तेजी के आसार कम हैं।
प्याज की रोज 30 से 40 गाड़ियां पहुंच रहीं
प्याज के थोक व्यापारियों ने बताया कि करीब एक महीने से प्याज के भाव में तेजी थी। अब मांग कम होने से भाव नीचे आए हैं। मुहाना मंडी में रोजाना प्याज की 30 से 40 छोटी-बड़ी गाड़ियां पहुंच रही हैं। फिलहाल मध्य प्रदेश का प्याज 25 से 30 रुपए किलो, नया प्याज 40 रुपए किलो और नासिक का प्याज 42 से 48 रुपए किलो बिक रहा है।
