April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

संसद में राहुल गांधी ने किया फ्लाइंग किस, महिला सांसदों ने की शिकायत, स्मृति ईरानी बोलीं- देश देख रहा है

संसद में राहुल गांधी ने किया फ्लाइंग किस, महिला सांसदों ने की शिकायत, स्मृति ईरानी बोलीं- देश देख रहा है

एनसीआई@नई दिल्ली

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता सांसद राहुल गांधी पर गम्भीर आरोप लगाया है। स्मृति ईरानी ने कहा कि अपना भाषण खत्म कर लोकसभा से बाहर जाते समय राहुल गांधी ने महिला सांसदों की तरफ फ्लाइंग किस के इशारे किए। इस मसले पर बीजेपी की 22 महिला सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष को लिखित में शिकायत दी है।

Related News:-
संसद में राहुल गांधी मोदी सरकार पर बरसे-आपने मणिपुर में की भारत माता की हत्या, आप देशद्रोही हो

इससे पहले स्मृति ईरानी ने सदन में राहुल गांधी के भाषण का जोरदार जवाब देते हुए अंत में कहा- “मुझे एक बात पर आपत्ति है। जिसे मुझसे पहले बोलने का मौका दिया गया (राहुल गांधी), उसने जाने से पहले अभद्रता की है। महिलाओं के प्रति इस तरह का द्वेषपूर्ण आचरण देश के सदन में कभी नहीं देखा गया। ये किस खानदान के लक्षण हैं, यह देश देख रहा है।”

खून से सना है कांग्रेस का इतिहास

इससे पहले अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने सरकार पर तीखे हमले बोले। राहुल गांधी ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया था कि मणिपुर में भारत माता की हत्या की गई है और ऐसा करने वाले लोग देशद्रोही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मणिपुर को बांट दिया है। राहुल गांधी की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों और कश्मीर में अशांति एवं कश्मीरी पंडितों, महिलाओं पर अत्याचार का मुद्दा उठाया और कहा कि कांग्रेस का इतिहास खून से सना है। विपक्ष को महिला सुरक्षा, गरीब कल्याण, नौजवानों के हितों एवं देश के विकास से कोई सरोकार नहीं है।

भारत माता की हत्या की बात पर कांग्रेस के लोगों ने मेजें थपथपाईं

लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर स्मृति ईरानी ने कहा कि पूरे देश ने देखा कि राहुल गांधी ने भारत माता की हत्या की बात की और कांग्रेस के लोग यहां मेज थपथपा रहे थे, संसदीय इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। विपक्षी सदस्यों की टोकाटाकी के बीच ईरानी ने केन्द्र में कांग्रेस की सरकार के समय हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों और कश्मीर में अशांति एवं कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार तथा आपातकाल के मुद्दे उठाए और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा।

मणिपुर भारत का अभिन्न हिस्सा

केन्द्रीय मंत्री ने लोकसभा में दिए राहुल गांधी के एक बयान के जवाब में कहा, ”मणिपुर खंडित नहीं है, यह भारत का अभिन्न हिस्सा है।” ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने न सिखों के साथ इंसाफ किया, न ही नौजवानों, किसानों के हितों की चिंता की और न ही महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान दिया। ईरानी ने कहा, ”ऐसे में जो देश के लोगों, महिलाओं, गरीबों और नौजवानों की बात कर रहा है, उस पर ही देश फिर से विश्वास करेगा। 2024 में फिर से नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।”

महिलाओं से सम्बन्धित उपलब्धियों के आंकड़े भी पेश किए

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने महिलाओं से सम्बन्धित योजनाओं में प्राप्त हुई उपलब्धियों व महिलाओं की तरक्की के सम्बन्ध में आंकड़े भी पेश किए।

फिल्म में आए इस दृश्य को कांग्रेस ने दुष्प्रचार कहा

केन्द्रीय मंत्री ईरानी ने एक तस्वीर दिखाते हुए कहा कि यह धुंधली तस्वीर गिरिजा टिक्कू की है, जिनके साथ 90 के दशक में बलात्कार किया गया और उनका शरीर काट दिया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना का दृश्य एक फिल्म में आया तो कांग्रेस के कुछ प्रवक्ताओं ने उसे दुष्प्रचार कहा। स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के लोग नहीं चाहते कि कश्मीरी पंडितों की दास्तान कहीं सुनाई जाए। केन्द्रीय मंत्री ने कहा विपक्ष ‘इंडिया’ नहीं है, क्योंकि वे भ्रष्टाचार को परिभाषित करते हैं। स्मृति ईरानी ने राजस्थान में बालिकाओं और महिलाओं से हुए बलात्कार और उनकी हत्या के मुद्दे भी उठाए तो छत्तीसगढ़ को भी निशाने पर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.