एनसीआई@लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने बुधवार सुबह 6 बजे करीब एक युवती को तेज रफ्तार कार से टक्कर मार कर आरोपी फरार हो गया। इस वारदात का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया वायरल हुआ, शासन-प्रशासन में खलबली मच गई। कुछ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ कार में सवार उसके साथी दानिश के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
आरोप है कि आरोपी शाहनवाज ने अपनी असली पहचान छिपाकर हिन्दू बन लड़की को फंसाया था। उसने अपना नाम यश ठाकुर बताया था। कुछ समय बाद लड़की को इस सच्चाई का पता चला तो उसने शाहनवाज से सम्बंध तोड़ लिए। इसके बाद शाहनवाज ने एक दूसरी लड़की को फांस लिया। वह अपनी इस नई गर्लफ्रेंड के साथ जनेश्वर मिश्र पार्क मे था, तभी उसे उसकी एक्स गर्लफ्रेंड ने देख लिया और टोका। इससे गुस्साए शहनवाज ने पार्क के बाहर ही तेजी से कार चलाते हुए एक्स गर्लफ्रेंड को चपेटे में लिया। इससे लड़की कार के बोनट पर लटकती हुई कुछ देर घिसटती रही। इसके बाद शाहनवाज उसे टक्कर मारकर फरार हो गया। पुलिस को मामले की जानकारी मिलते ही तीन टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
दोपहर में पुलिस की टीमों ने यश ठाकुर उर्फ शाहनवाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने युवती पर कार चढ़ाने वाले युवक शाहनवाज को पकड़ने के साथ उसकी कार भी बरामद कर ली है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती की ओर से शाहनवाज पर लव जिहाद का आरोप लगाया गया है। आरोप की पुलिस जांच में पुष्टि होना अभी बाकी है। वहीं, लड़की का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मुझे फंसाया जा रहा है: शाहनवाज
वारदात का साफ वीडियो आ जाने के बावजूद पुलिस हिरासत में लखनऊ हिट एंड रन के आरोपी शाहनवाज का कहना था कि उसे फंसाया जा रहा है। उसने कहा कि आरोप लगाने वाली युवती लम्बे समय से उसे परेशान कर रही थी। शाहनवाज ने युवती से पैसे के लेनदेन के होने की भी बात कही। उसका कहना था कि युवती बीते छह से सात महीने से उसे परेशान कर रही है और उसका पीछा कर रही है।
