• श्री गोपाल लाल मंदिर में कल बुधवार, 15 जुलाई को सुबह 11 बजे से होगा महोत्सव का आगाज
• 16 जुलाई को शहर के रंगनाथ, जगन्नाथ और चारभुजा नाथ मंदिरों में भी होंगे विशेष आयोजन
एनसीआई@बूंदी
बूंदी शहर के प्रमुख मंदिरों में कल बुधवार, 15 जुलाई से भव्य रथ यात्रा महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस क्रम में श्री जगन्नाथ मंदिर, श्री चारभुजा नाथ और श्री रंगनाथ मंदिर में 16 जुलाई को रथ यात्रा के विभिन्न आयोजन होंगे। इन्हें लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
श्री रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पुष्टिमार्ग वल्लभ सम्प्रदाय की गौरवशाली परम्परा के अनुसार, बालचंद पाड़ा स्थित श्री गोपाल लाल मंदिर में 15 जुलाई को सुबह 11 बजे महोत्सव की शुरुआत होगी। पंडित मधुसूदन शर्मा के सान्निध्य में श्री गोपाल लाल जी को भव्य रथ में विराजमान किया जाएगा। पूजा-अर्चना और महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं में भीगे हुए चने, मूंग की दाल, पंचमेवा और पान का विशेष प्रसाद वितरित किया जाएगा।

दूसरे दिन ये होंगे आयोजन
तिलक चौक स्थित जन-जन के आराध्य श्री चारभुजा नाथ मंदिर में 16 जुलाई को रथ यात्रा की धूम रहेगी। पुजारी पंडित गणेश शर्मा की अगुवाई में शाम 6.30 बजे भगवान के रथ को मंदिर परिसर में ही भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच 7 परिक्रमाएं करवाई जाएंगी।
बूंदी के आराध्य श्री रंगनाथ मंदिर में 16 जुलाई को दोपहर 12 बजे विशेष आयोजन होगा। यहां पुजारी पंडित मुकेश शर्मा एवं पंडित रघुनंदन राज मुखिया के निर्देशन में श्री रंगनाथ एवं श्री गोविंद नाथ के रथ को चारों दिशाओं में भ्रमण कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे श्री जगन्नाथ मंदिर में महंत गोविंद पारीक द्वारा भगवान श्री जगदीश, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विशेष आरती उतारी जाएगी।
यह समिति करेगी संचालन
भव्य रथ यात्रा महोत्सव के सफल संचालन की जिम्मेदारी समिति से जुड़े वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक गर्ग, संरक्षक गणेश दत्त व्यास, सचिव अजय नुवाल, मुख्य सलाहकार एवं पूर्व पार्षद विजय टेलर और जगदीश शर्मा सहित अन्य नियमित दर्शनार्थियों और भक्तजनों ने उठाया है।
