एनसीआई@बूंदी
बूंदी जिले में ‘सही खानपान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत स्कूलों में ईट राइट (सही खाओ) गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले में आमजन को सुरक्षित, पोष्टिक और मिलावट मुक्त भोजन के प्रति जागरूक करने के लिए प्रदेशभर में 3 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक ‘सही खानपान, स्वस्थ राजस्थान) अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर ने बताया कि राज्य के खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी की ओर से जारी दिशा निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत जिले के गुरुकुल विद्या भवन सीनियर सेकंडरी स्कूल व नूतन अकेडमी एवं केशवरायपाटन तथा कापरेन के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के साथ अन्य सरकारी व निजी विद्यालयों में ईट राइट गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को स्वस्थ्य खानपान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खाद्य मिलावट, फूड लेबल, पैकेजिंग, खाद्य पदार्थों से सम्बंधित बीमारियों एवं उनसे होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। इसी के साथ राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के क्रम में मैसर्स छोटू लाल कचोरी सेन्टर, सदर बाजार बूंदी का निरीक्षण कर कचोरी व नमकीन के नमूने लेकर जांच के लिए जन प्रयोगशाला कोटा भेजा। वहां से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
