एनसीआई@बूंदी
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण में शुक्रवार, 11 सितम्बर को जिले की नगरपालिका हिंडोली, नैनवां, कापरेन और लाखेरी में मतदान हुआ। इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं आई। सभी मतदान केन्द्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वास्तविक मतदान से एक घंटे पहले सुबह 6 बजे से ‘बनावटी मतदान’ (मॉक पोल) की प्रक्रिया हुई। इसके बाद सुबह 7 बजे वास्तविक मतदान शुरू हुआ।

जिले के चारों निकायों हिंडोली, नैनवां, कापरेन और लाखेरी के कुल 104 वार्डों के लिए स्थापित 104 बूथों पर कुल 81.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हिण्ंडोली, नैनवां, कापरेन और लाखेरी के कुल 66 हजार 714 मतदाताओं में से 54 हजार 540 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके साथ ही चुनावी मैदान में डटे 356 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। हिंडोली नगरपालिका क्षेत्र के कुल 7 हजार 802 मतदाताओं में से 6 हजार 209, कापरेन नगरपालिका क्षेत्र के 16 हजार 249 मतदाताओं में से 13 हजार 799, लाखेरी नगरपालिका क्षेत्र के कुल 22 हजार 420 मतदाताओं में से 17 हजार 720 तथा नैनवां नगरपालिका के 20 हजार 243 मतदाताओं में से 16 हजार 812 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कापरेन में सर्वाधिक 84.92 प्रतिशत मतदान दर्ज
नगरीय निकाय चुनाव में कापरेन नगर पालिका के मतदाताओं ने सबसे अधिक जागरुकता दिखाई। इससे यहां सर्वाधिक 84.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, लाखेरी नगरपालिका में सबसे कम 79.04 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। इसके अलावा हिंडोली नगर पालिका में 79.58 प्रतिशत और नैनवां नगर पालिका में 83.05 प्रतिशत मतदान हुआ।

इस दूसरे चरण में हिंडोली नगरपालिका के 19 वार्डों, नगर पालिका नैनवां के 25, कापरेन के 25 तथा लाखेरी 35 वार्डों में सदस्य (पार्षद) पदों के लिए मतदान सम्पन्न हुआ। हिंडोली नगरपालिका में 48 प्रत्याशी, लाखेरी में 133, कापरेन में 87 तथा नैनवां में 88 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रमानुसार मतों की गणना 14 सितम्बर को होगी।

ऐसे चली मतदान की गति
सुबह 10 बजे तक हिंडोली नगरपालिका में 34.64 प्रतिशत, कापरेन में 29.50 प्रतिशत, लाखेरी में 26.45 प्रतिशत और नैनवां में 22.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे तक यह आंकड़ा हिंडोली में 49.95 प्रतिशत, कापरेन में 51.17 प्रतिशत, लाखेरी में 44.44 प्रतिशत और नैनवां में 43.44 प्रतिशत तक पहुंच गया। इसके बाद दोपहर 1 बजे तक हिंडोली में 58.98 प्रतिशत, कापरेन में 60.56 प्रतिशत, लाखेरी में 52.76 प्रतिशत और नैनवां में 53.23 प्रतिशत वोट पड़े। अपराह्न 3 बजे तक मतदान ने और जोर पकड़ा, जिससे नगरपालिका हिंडोली में मतदान प्रतिशत 70.10 प्रतिशत, नगर पालिका कापरेन का 71.96 प्रतिशत, लाखेरी में 65.16 प्रतिशत और नैनवां का 65.50 प्रतिशत हो गया। शाम 5 बजे तक हिंडोली में 77.81 प्रतिशत, कापरेन में 82.41 प्रतिशत, लाखेरी में 74.36 प्रतिशत तथा नैनवां में 78.98 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान समाप्त होने तक कापरेन नगर पालिका में 84.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, लाखेरी नगरपालिका में 79.04 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। इसके अलावा हिंडोली नगर पालिका में 79.58 प्रतिशत और नैनवां नगर पालिका में 83.05 प्रतिशत मतदान हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जताया आभार
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) हरफूल सिंह यादव ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत पहले और दूसरे चरण में बूंदी नगर परिषद, नगरपालिका केशवरायपाटन, इन्द्रगढ़ व देई, हिंडोली, कापरेन, लाखेरी व नैनवां में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए सभी मतदाताओं, मतदान दलों, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों का जिला प्रशासन की ओर से आभार जताया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पुलिस कार्मिकों तथा मतदान व्यवस्थाओं से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों के सहयोग एवं सहभागिता से लोकतंत्र का यह महापर्व सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है।
