महाराष्ट्र में उद्धव गुट के 6 सांसदों की बगावत की खबरों के बीच संजय राउत ने आपा खो दिया। राउत ने लाइव कैमरे पर बागी सांसदों को भद्दी गालियां देते हुए 50-50 करोड़ रुपए के ऑफर का दावा किया है।
एनसीआई@नई दिल्ली
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) में बड़ी बगावत की आहट है। ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत उद्धव गुट के 9 में से 6 सांसदों के अलग गुट बनाने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत बागी सांसदों पर बुरी तरह भड़क गए हैं। उन्होंने न सिर्फ बागी सांसदों को गालियां दी हैं, बल्कि उन पर 50-50 करोड़ रुपए का ऑफर मिलने का भी सनसनीखेज आरोप लगाया है।
संजय राउत ने बुधवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए बागी सांसदों को गद्दार करार दिया। उन्होंने कहा कि बेईमानी उनके खून में है। उद्धव ठाकरे के प्रति वफादारी की बात करते हुए राउत ने गालियों का इस्तेमाल किया और कहा, “ये सा** भो**के लोग।” इतना ही नहीं, राउत ने मीडिया से अपील की कि उनकी इन गालियों को सेंसर न किया जाए।
राउत ने कहा कि विधायक और सांसद का पद आता-जाता रहता है, लेकिन बाल ठाकरे ने हमें बच्चों की तरह पाला है और उद्धव ठाकरे ने भाइयों की तरह प्यार दिया है, जिसे हम भूल नहीं सकते। उन्होंने पार्टी के तीन नेताओं-अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजाभाऊ वाजे की वफादारी की जमकर तारीफ भी की।
‘50-50 करोड़ का ऑफर और चार्टर्ड प्लेन से गए दिल्ली’
संजय राउत ने दावा किया है कि एक ‘महत्वपूर्ण व्यक्ति’ ने उन्हें बताया है कि बागी सांसदों को 50 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों को एक चार्टर्ड प्लेन के जरिए दिल्ली ले जाया गया है।
उद्धव गुट के ये 6 सांसद हो सकते हैं बागी
एकनाथ शिंदे गुट के नेताओं का दावा है कि उद्धव गुट के 6 सांसद एक अलग समूह बनाने वाले हैं और वे जल्द ही लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र सौंपेंगे। जिन 6 सांसदों के बगावत करने की चर्चा है, उनमें शामिल हैं-
1. संजय जाधव (परभणी)
2. भाऊसाहेब वाकचौरे (शिर्डी)
3. संजय देशमुख (यवतमाल)
4. नागेश पाटिल आष्टीकर (हिंगोली)
5. ओमराजे निंबालकर (धाराशिव)
6. संजय पाटिल (मुंबई नॉर्थ ईस्ट)