July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी: नदी के बीच खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे तीन लड़के, पानी में गिर गए, एक को बचाया बाकी दो लापता

एनसीआई@बूंदी/लाखेरी

बूंदी जिले के लाखेरी थाना क्षेत्र के सखावदा गांव से गुजर रही मेज नदी के बीच में खड़े होकर सेल्फी ले रहे तीन लड़के लड़खड़ा कर पानी में जा गिरे और बहने लगे। इनमें से एक लड़के को तो बचा लिया गया, मगर बाकी दो का समाचार लिखे जाने तक कहीं पता नहीं चल सका था।

इस प्रकार कृष्ण जन्माष्टमी की खुशियों के बीच दो परिवारों में मातम छा गया है। लापता लड़के लाखेरी कस्बा निवासी दसवीं कक्षा का छात्र विशाल (17) पुत्र मांगीलाल और गुलशन (16) पुत्र रामस्वरूप वर्मा बताए गए हैं। वहीं इस घटना में बचे लड़के के नाम जियांशु वर्मा (21) है। यह तीनों लाखेरी कस्बे से सखावत नदी पर नहाने के लिए आए थे। इसी दौरान ये यहां सेल्फी ले रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से उन युवकों को ढूंढने की कोशिश शुरू हुई। ‌यह मशक्कत अभी तक भी जारी थी, मगर उनका कोई पता नहीं चला। लाखेरी थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस और एनडीआरएफ की टीम को भी इस बात की जानकारी देकर मौके पर बुलवा लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.