राजस्थान: 31 जिलों में मानसून का जोर, उदयपुर में सबसे ज्यादा 4 तथा अलवर-भरतपुर में 3 इंच बारिश दर्ज
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में सुबह 8 बजे तक बीते बीते 24 घंटे के दौरान 33 में से 31 जिलों में बारिश हुई। इनमें जैसलमेर और बारां को छोड़कर सभी जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई है। सबसे ज्यादा बरसात उदयपुर जिले के कोटड़ा में करीब साढ़े चार इंच (112MM) दर्ज हुई। उदयपुर के अलावा भरतपुर और अलवर के एक-दो इलाकों में भी 3 इंच से ज्यादा बरिश रिकॉर्ड की गई है।
मानसून की इस रफ्तार से उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त में जो कम बरसात हुई थी, उसकी पूर्ति इस महीने हो जाएगी। सितम्बर शुरू होने के बाद अब तक राज्य में रुक-रुककर हर जगह बारिश हुई है, जो आगे 7-8 दिन और चलने की सम्भावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में जो सिस्टम एक्टिव हुआ है, उसके कारण 15 सितम्बर से राज्य में अच्छी बरसात होगी।
सितम्बर में हुई बारिश का असर यह हुआ है कि सूखाग्रस्त क्षेत्र बीकानेर, गंगानगर, बाड़मेर, जालौर, सिरोही में भी किसानों को थोड़ी राहत मिली है। वहीं, प्रदेशभर बीते 15 दिन के अंदर 24 छोटे-बड़े बांधों में पानी की आवक हुई है। उदयपुर, सिरोही, सीकर, राजसमंद, प्रतापगढ़, पाली, जोधपुर, नागौर, बाड़मेर, अलवर, जयपुर, धौलपुर, चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। उदयपुर में पिछले 18 घंटे से बारिश हो रही है। जिले की सबसे बड़ी नदी सोम में पानी की अच्छी आवक हुई। कैचमेंट इलाकों में बारिश के बाद पिछोला झील के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
अब आगे यह
जयपुर मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया सक्रिय है। साथ ही पूर्वी राजस्थान के ऊपर सक्रिय लो प्रेशर एरिया के साथ चक्रवातीय गतिविधियां और प्रभावशाली होकर साइक्लोन में तब्दील हुई है। वहीं अरब सागर से लेकर गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ से होते हुए ओडीशा-बंगाल की खाड़ी तक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके प्रभाव के कारण अगले 15 सितम्बर से राजस्थान में तेज बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जो करीब एक सप्ताह तक जारी रहेगी।
शहर (जिला) बारिश (MM)
ब्यावर (अजमेर) 46
मंडावर (अलवर) 79
बहरोड़ 72
नीमराणा 63
बानसूर 50
कोटकासिम 50
घाटोल (बांसवाड़ा) 66
भूंगड़ा 50
सीकरी (भरतपुर) 80
सरेरी डेम (भीलवाड़ा) 65
करेड़ा 50
कोटड़ी 45
डूंगला (चित्तौड़गढ़) 57
चूरू 49
सरमथुरा (धौलपुर) 65
सैंपऊ 56
फागी (जयपुर) 74
जमवारामगढ़ 62
छोटी सादड़ी(प्रतापगढ़) 60
देवगढ़ (राजसमंद) 53
खंडार (सवाई माधोपुर) 56
वेस्ट बनास (सिरोही) 52
कोटड़ा (उदयपुर) 114
कानोड़ 80
मकराना (नागौर) 50
श्रीगंगानगर 71
