कोटा: पुलिस हिरासत में युवक की मौत से हड़कम्प
एनसीआई@कोटा
नयापुरा थाने में शाम को हिरासत के दौरान एक युवक की मौत हो जाने से पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है। मृतक के परिजन पुलिस की मारपीट से मौत होने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं पुलिस इसे आत्महत्या करार दे रही है। वहीं इस मसले को लेकर नयापुरा थाने के बाहर मृतक के परिजनों सहित अन्य लोगों ने भारी हंगामा मचाया।
![]()
युवक के शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया है। मामले की सूचना मिलने पर सिटी एसपी डॉ. विकास पाठक व एडिशनल एसपी प्रवीण जैन अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मामले के अनुसार नयापुरा मस्जिद चौक में रहने वाले रवि और उसके मामा के लड़के कमल लोधा के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसके बाद रवि ने नयापुरा थाने में जाकर सूचना दी। इस पर शाम 4 बजे करीब नयापुरा थाने के पुलिसकर्मी कमल को ले आए।
कमल के रिश्तेदार सुरेश लोधा का कहना है कि पुलिसकर्मी उसे मारते हुए थाने ले गए थे। इसके बाद उसके साथ थाने में भी मारपीट की गई होगी। शाम 6 बजे करीब कमल की मां गुलाब बाई थाने में उसे खाना देने गई तो पुलिस ने उसके मरने की बात कही। साथ ही कहा कि वह एमबीएस अस्पताल चली जाए, वहां उसके बेटे की लाश है। पुलिस का कहना है कि कमल ने थाने में अपने शर्ट से फांसी लगाकर जान दे दी। कमल लोधा किसी वाहन पर खलासी का काम करता था। इससे पहले भी उसके खिलाफ नयापुरा थाने में केस दर्ज थे।
