July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने सथूर में किया परमार्थ भवन का लोकार्पण

एनसीआई@बूंदी

एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को बूंदी आए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सथूर गांव में परमार्थ भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि परमार्थ सबसे बड़ी सेवा है। परमार्थ भवन के माध्यम से इस गांव में आने वाले यात्रियों को सुविधा और राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि सथूर के निकट स्थित वैद्यनाथ मंदिर और रक्तदंतिका माता मंदिर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इन श्रद्धालुओं के लिए गांव में आराम या रात्रि प्रवास के लिए सुविधाजनक इंतजाम नहीं थे। इसे देखते हुए गांव के ही सोमानी परिवार द्वारा वहां एक हॉल का निर्माण करवाया गया है। इसमें यात्रियों को विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी। इस हॉल का लोकार्पण करने लोकसभा अध्यक्ष बिरला सथूर गांव पहुंचे थे।

अब श्रद्धालुओं को होगी आसानी

इस दौरान बिरला ने कहा कि सथूर तीर्थ स्थल के रूप में जाना जाता है। यहां पर आकर आध्यात्मिक ज्ञान मिलता है। इस तीर्थ स्थल के पास अब तक तीर्थ यात्रियों के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं थी। गर्मी के दिन हो या बरसात के, उन्हें खुले में ठहरना पड़ता था। अब इस परमार्थ हॉल के बन जाने के बाद तीर्थ यात्रियों को हर मौसम में रहने के लिए एक छत मुहैया हो जाएगी। वे आराम से इस तीर्थ स्थल पर अपनी पूजा-अर्चना कर पाएंगे। साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी यह धर्मशाला बहुत ही उपयुक्त सिद्ध होगी।

बाबूलाल सोमानी व उनके परिवार को सराहा

इस भवन के निर्माण के लिए बाबूलाल सोमानी व उनके परिवार की सराहना करते हुए बिरला ने कहा कि सथूर क्षेत्र में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए अन्य जो भी आवश्यक कार्य हो, वह प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना चाहिए, ताकि यहां आने वाले को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
इस दौरान भीलवाड़ा सांसद सुभाष बहेडिया, बूंदी विधायक अशोक डोगरा, केशवरायपाटन विधायक चन्द्रकांता मेघवाल, बाबूलाल सोमाणी, महेश सोमाणी, पंचायत समिति सदस्य निशा सोमाणी, राधेश्याम गुप्ता, घनश्याम लाठी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.