July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

लोकसभा अध्यक्ष बिरला की बूंदी में जनसुनवाई: मुआवजे की आस-इलाज की दरख्वास्त लेकर भी पहुंचे लोग

एनसीआई@बूंदी

संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी के प्रवास पर आए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को बूंदी के सर्किट हाउस में आमजन से मिले और उनके अभाव अभियोग सुने। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के निराकरण के निर्देश भी दिए।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचने पर विधायक अशोक डोगरा, चंद्रकांता मेघवाल व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद स्पीकर बिरला ने सर्किट हाउस में करीब 4 घंटे तक आमजन से मुलाकात की। इस दौरान कोई अवाप्त की गई भूमि का सही मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत लेकर आया तो कोई अपना इलाज करवाने की दरख्वास्त लेकर स्पीकर बिरला से मिला।

बिरला ने सुनी हर एक की पीड़ा

क्षेत्र में विकास कार्य करवाने, सरकारी विभागों में सुनवाई नहीं होने, शिकायत पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने सहित व्यक्तिगत समस्याएं लेकर भी बड़ी संख्या में लोग स्पीकर बिरला से मिलने पहुंचे। स्पीकर बिरला ने प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत तौर पर सुना और उचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त भी किया।

यह बताई प्राथमिकताएं

जन सुनवाई के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्ताण हो इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों के गांवों के लोग अपने-अपने गांव की समस्या तथा कुछ व्यक्तिगत समस्याएं लेकर भी समाधान के लिए आते हैं। उनका समाधान कर राहत पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों में अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर और लोगों को अच्छी सुविधाएं देने की कोशिश की जा रही है। गांवों में अच्छी चिकित्सा, विद्यालय और पीने का पानी उपलब्ध करवाना प्राथमिकताओं में शामिल है।

गांवों के अभावों को दूर करना हमारी जिम्मेदारी

बिरला ने कहा कि आजादी को 75 वर्ष होने को हैं, ऐसे में जो गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, उनके अभाव को दूर करना हमारी जिम्मेदारी है। रोड कनेक्टिविटी से वंचित गांवों में सड़कें बनें तथा अतिवृष्टि से खराब हुई सड़कों की मरम्मत का अभियान चलाया जाए। यह कार्य आपदा प्रबंधन के माध्यम से करवाए जाएंगे। जन सुनवाई के दौरान सड़क, पानी, बिजली आदि समस्याओं के सम्बंध में लोकसभा अध्यक्ष ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

यह भी रहे मौजूद

जन सुनवाई के दौरान बूंदी विधायक अशोक डोगरा, जिला कलक्टर आशीष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक शिवराज मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर एयू खान, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.