REET में पहली बार दो युवतियां गिरफ्तार: असली अभ्यर्थी के साथ जयपुर में परीक्षा देने आई थी डमी अभ्यर्थी , 10 लाख में हुआ था सौदा
एनसीआई@जयपुर
REET परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को जयपुर में पुलिस ने जालोर से परीक्षा देने आई दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक असली व दूसरी उसकी जगह परीक्षा देने की तैयारी से आई डमी अभ्यर्थी थी। यह पहला मामला है, जब REET में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने के मामले में युवतियां पकड़ी गई हैं। यह कार्रवाई जयपुर के पश्चिम जिले में सिंधी केम्प थाना पुलिस ने की।
डीसीपी (पश्चिम) ऋचा तोमर ने बताया कि गिरफ्तार प्रमिला विश्नोई (22) गांव सरनाऊ, सांचौर, जिला जालौर की रहने वाली है, वहीं दूसरी कुमारी अनन्या चौधरी उर्फ झुम्मी (19) निवासी गांव लुणियासर तहसील सांचौर जिला जालौर की है। ये दोनों जयपुर में बनीपार्क में कांतिचंद रोड पर किसान बालिका शिक्षण संस्थान (किसान गर्ल्स हॉस्टल) में ठहरी हुईं थीं।
दो दिन पहले ही जयपुर आईं
डीसीपी ऋचा तोमर के मुताबिक, 24 सितम्बर को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि 26 सितम्बर को होने वाली REET परीक्षा में एक अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरी युवती फर्जी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने वाली है। तब सिंधी केम्प थाना प्रभारी गुंजन सोनी के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार देर रात कांति चंद रोड स्थित किसान गर्ल्स हॉस्टल में छापा मारा। वहां से दोनों युवतियों को पकड़ लिया।
ऐसे रची गई साजिश
पुलिस को जांच में पता चला कि प्रमिला की जगह अनन्या उर्फ झुम्मी परीक्षा में बैठने वाली थी। प्रमिला विश्नोई ने परीक्षा का फॉर्म भरते समय अनन्या चौधरी उर्फ झुम्मी का फोटो चिपकाया था। इस वजह से जारी हुए एडमिशन लेटर में भी असली अभ्यर्थी प्रमिला की फोटो की जगह अनन्या उर्फ झुम्मी की फोटो ही लगी हुई आई। इसके लिए अनन्या को 10 लाख रुपए देना तय हुआ था। यही नहीं ऐसा ही फोटो लगाकर आधार कार्ड भी तैयार करवाया था। पुलिस का मानना है कि इन दोनों के पीछे कोई और गैंग शामिल है। उनका पता लगाया जा रहा है।
