April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

REET पेपर लीक में बड़ी कार्रवाई:सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा सहित राज्यभर के 14 अन्य अधिकारी-कर्मचारी निलम्बित, एफआईआर दर्ज

REET पेपर लीक में बड़ी कार्रवाई:सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा सहित राज्यभर के 14 अन्य अधिकारी-कर्मचारी निलम्बित, एफआईआर दर्ज
राधेश्याम मीणा, निलम्बित जिला शिक्षा अधिकारी, सवाई माधोपुर

एनसीआई@जयपुर

REET पेपर लीक मामले में सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा सहित 14 अधिकारियों-कर्मचारियों को निलम्बित कर दिया। इनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई है। पेपर लीक मामले में इन सबकी भूमिका शक के दायरे में पाई गई है।

शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि कुछ स्थानों पर परीक्षा में धांधली की शिकायतें मिली थीं। इसे लेकर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप लगातार जांच कर रहे हैं। पुलिस और एसओजी की टीम आरोपियों से पूछताछ कर उनके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

ये 14 सरकारी कर्मचारी हुए निलम्बित

शिक्षा विभाग में 14 कर्मचारियों के खिलाफ निलम्बन की कार्रवाई की गई है। इनमें सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा, सिरोही से कनिष्ठ सहायक मनोहर, जालोर से व्याख्याता मनोहर लाल, जालोर से अध्यापक सुरेश कुमार बिश्नोई, जालोर से अध्यापक प्रकाश चौधरी, बाड़मेर से अध्यापक रमेश कुमार, नागौर से अध्यापक रामनिवास बसवाना, नागौर से अध्यापक श्रवण राम, डूंगरपुर से अध्यापक भवरलाल कड़वासरा, डूंगरपुर से शारीरिक शिक्षक हरीश चंद्र पाटीदार, राजसमंद से अध्यापक मांगी लाल दर्जी, राजसमंद से अध्यापक श्रवण कुमार, भरतपुर से अध्यापक लक्ष्मण सिंह और बूंदी से अध्यापक श्रवण कुमार शामिल हैं। इन्हें निलम्बित कर इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

टीचर से लेकर पुलिस तक की मिलीभगत

राजस्थान में 26 सितम्बर को 31 हजार पदों के लिए REET का आयोजन किया गया था। इस परीक्षा में 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। कुछ स्थानों पर शिक्षक और पुलिस के कर्मचारियों द्वारा ही पेपर लीक करने का मामला सामने आया था। इसके बाद सरकार के खिलाफ विरोध भी शुरू हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.