राजस्थान: मंत्रिमंडल पुनर्गठन में मंत्रालयों का बंटवारा, जानें किसको, क्या मिला?

एनसीआई@जयपुर
अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद सोमवार दोपहर मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया। अभी तक जो शिक्षा मंत्रालय गोविंद सिंह डोटासरा के पास था, उसे बीडी कल्ला को दे दिया गया। वहीं, रघु शर्मा से लिया गया स्वास्थ्य विभाग परसादीलाल मीणा को दिया गया है। दूसरी ओर, शांति धारीवाल के पास यूडीएच, संसदीय कार्य, लीगल आदि विभाग पहले की तरह बरकरार हैं।

विभाग बंटवारे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने पास 10 विभाग रखे हैं। इनमें वित्त, टेक्सेशन, गृह और न्याय, कार्मिक, आईटी, सामान्य प्रशासन, केबिनेट सचिवालय, एनआरआई, राजस्थान स्टेट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो और सूचना जनसम्पर्क विभाग शामिल हैं।
सीएम के पास पहले थे 11 विभाग
विभाग बंटवारे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब भी 10 विभाग अपने पास रखे हैं, पहले उनके पास 11 विभाग थे। इसमें से आबकारी विभाग उन्होंने छोड़ दिया है, जबकि सूचना जनसम्पर्क विभाग ले लिया।

पुराने 5 केबिनेट मंत्रियों का विभाग बरकरार
पुराने 5 केबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्री से प्रमोट होकर केबिनेट मंत्री बनी ममता भूपेश और 2 राज्य मंत्रियों के विभाग बरकरार रखे हैं। शांति धारीवाल के पास यूडीएच, ससंदीय कार्य, लालचंद कटारिया के पास कृषि, प्रमोद जैन भाया के पास खान गोपालन, उदयलाल आंजना के पास सहकारिता, शाले मोहम्मद के पास अल्पसंख्यक कल्याण विभाग बरकरार रखा है। राज्य मंत्री से प्रमोट होकर केबिनेट मंत्री बनीं ममता भूपेश के पास महिला बाल विकास विभाग पहले की ही तरह हैं। राज्य मंत्री अशोक चांदना के पास खेल, युवा मामले पूर्ववत हैं। सूचना जनसम्पर्क विभाग नया सौंपा गया है। सुभाष गर्ग के पास तकनीकी शिक्षा, आयुर्वेद बरकरार रखकर दो विभाग नए जोड़े हैं।
5 केबिनेट और 2 राज्य मंत्रियों के विभाग बदले
तीन पुराने केबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्री से केबिनेट प्रमोट हुए दो मंत्रियों को मिलाकर 5 केबिनेट मंत्रियों के विभाग बदले हैं। बीडी कल्ला से ऊर्जा, पीएचईडी लेकर उसकी जगह शिक्षा, प्रतापसिंह खाचरियावास को परिवहन की जगह खाद्य विभाग, परसादीलाल मीणा को उद्योग की जगह स्वास्थ्य विभाग दिया है।
राज्य मंत्री से प्रमोट होकर केबिनेट मंत्री बने टीकाराम जुली को श्रम विभाग की जगह सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग और भजनलाल जाटव को होम गार्ड की जगह पीडब्ल्यूडी जैसा बड़ा विभाग दिया है।
राज्य मंत्रियों में भंवर सिंह भाटी, राजेन्द्र यादव, सुखराम बिश्नोई के विभाग बदले गए हैंं। भाटी को उच्च शिक्षा की जगह ऊर्जा, जल संसाधन और आईजीएनपी (इंदिरा गांधी नहर परियोजना) दिया है। सुखराम बिश्नोई को वन विभाग की जगह श्रम और राजस्व विभाग दिया है।
टीकाराम जुली को मास्टर भंवरलाल वाला विभाग
सामाजिक न्याय विभाग दलित वर्ग से आने वाले मंत्री टीकाराम जुली को दिया है। यह विभाग पहले दिवंगत मास्टर भंवरलाल के पास था। बीडी कल्ला से ऊर्जा विभाग लेकर राज्य मंत्री भंवर सिंह भाटी को दिया है। भाटी को इंडिपेंडेंट चार्ज दिया गया है। बिजली जैसा जनता से जुड़ा विभाग देकर उनका कद बढ़ाया है। यह भी संयोग है कि कल्ला और भाटी दोनों बीकानेर जिले के हैं।
विश्वेंद्र सिंह को मिल गया अपना पुराना विभाग
पिछले साल सचिन पायलट केम्प की बगावत के बाद मंत्री पद से बर्खास्त हुए विश्वेंद्र सिंह को वापस वही विभाग दिया गया है। विश्वेंद्र सिंह को पर्यटन विभाग और सिविल एविएशन विभाग दिया है। पहले भी उनके पास पर्यटन विभाग ही था।
