May 1, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी जिले के हर्ष कुमार जैन यूक्रेन में भारतीय राजदूत नियुक्त

बूंदी जिले के हर्ष कुमार जैन यूक्रेन में भारतीय राजदूत नियुक्त

एनसीआई@नई दिल्ली

भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपर सचिव हर्ष कुमार जैन को यूक्रेन में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया है। जैन राजस्थान के बूंदी जिले की तालेड़ा तहसील के लीलेड़ा व्यासान गांव के निवासी हैं।

भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी हर्ष कुमार जैन की स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल, चित्तौड़गढ़ से हुई थी। उसके बाद उन्होंने गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज,कोटा से मेकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। वे आईआईटी दिल्ली से औद्योगिक इंजीनियरिंग में एमटेक करके 1993 में भारतीय विदेश सेवा में चयनित हुए। इससे पहले उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज कोटा, में मेकेनिकल इंजीनियरिंग प्रोफेसर के रूप में सेवा दी।

जैन पहले कजाकिस्तान व स्लोवाकिया गणराज्य में भारतीय राजदूत के रूप में, मास्को (रूस), कीव (यूक्रेन), सेंट पीटर्सबर्ग (रूस), लंदन ( यू.के.) और काठमांडू (नेपाल) में स्थित भारतीय दूतावासों में विभिन्न क्षमताओं के साथ अनुभवी राजनयिक के रूप में विशिष्ट सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2012-13 में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के तहत सूचना और दूरसंचार के क्षेत्र में विकास पर संयुक्त राष्ट्र के सरकारी विशेषज्ञों के समूह सदस्य के रूप में भी कार्य किया।

विदेश मंत्रालय में अपर सचिव रहते हुए उन्होंने बिम्सटेक और सार्क, ई-गवर्नेंस, सूचना प्रौद्योगिकी और साइबर कूटनीति और वैश्विक सम्पदा प्रबंधन प्रभागों का सफल नेतृत्व किया। उल्लेखनीय है कि 4 करोड़ से अधिक की आबादी और लगभग 6 लाख वर्ग किमी क्षेत्रफल होने से यूक्रेन यूरोप के सबसे बड़े देशों में से एक है। सहयोग के सभी क्षेत्रों में भारत के यूक्रेन के साथ व्यापक द्विपक्षीय सम्बन्ध हैं।

राजस्थान के मूल निवासी हर्ष जैन को यूक्रेन में राजदूत बनाए जाने पर श्री दिगम्बर जैन बघैरवाल समाज, श्री दिगम्बर जैन बघेरवाल पारमार्थिक न्यास, श्री दिगम्बर जैन बघेरवाल जन कल्याण समिति, कोटा, समग्र दिगम्बर जैन बघेरवाल सामाजिक संस्था सहित राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.