स्कूली बच्चे लगातार हो रहे संक्रमित, एक्टिव केसों की संख्या बढ़ी
एनसीआई@जयपुर
जयपुर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 11 नए केस मिले हैं। स्कूली बच्चों के संक्रमित होने का सिलसिला भी थम नहीं रहा है। जयपुर के जयश्री पेड़ीवाल स्कूल में आज भी एक और बच्चा पॉजिटिव मिला है। इसी स्कूल में कुछ दिन पहले भी एक साथ 12 बच्चे पॉजिटिव मिले थे।
आज सबसे ज्यादा मानसरोवर इलाके में 4 पॉजिटिव केस मिलने की जानकारी मिली है। इसके अलावा वैशाली नगर में 2 और अजमेर रोड, सिविल लाइंस, गांधी नगर, सांगानेर और सोडाला में एक-एक मरीज मिले हैं। नवम्बर में ये 8 वां ऐसा दिन है जब जयपुर में 10 या उससे ज्यादा केस मिले हैं। जयपुर में जिस तरह केस बढ़ते जा रहे हैं, उससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि जयपुर में पिछले 7 दिन से ज्यादा केस आ रहे हैं।
ज्यादातर मरीज बिना या कम लक्षण वाले
सीएमएचओ जयपुर के मुताबिक जयपुर में अभी तक जितने भी मरीज मिले हैं, उनमें से ज्यादातर लोगों में कोरोना के लक्षण न के बराबर हैं। वहीं कुछ मरीजों में कोरोना के सामान्य जुकाम, बुखार के लक्षण मिले हैं। हालांकि गम्भीर केस के मामले न के बराबर हैं। उन्होंने बताया कि जहां भी कोरोना के केस आ रहे हैं, उस घर पर मेडिकल टीम भेजकर दवाई किट दी जा रही है और उस परिवार के अन्य सदस्यों के सेम्पल लेकर उनकी भी जांच करवाई जा रही है।
एक्टिव केसों की संख्या 100 के पार
जयपुर में आज एक्टिव केसों की संख्या भी 100 के पार हो गई है। पिछले 17 दिन में एक्टिव केसों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। 10 नवम्बर तक जयपुर में केवल 17 एक्टिव केस ही थे, लेकिन यह अब बढ़कर 100 के पार चले गए। वहीं जयपुर में पिछले दिनों एक ढाई साल के बच्चे की मौत भी हो गई थी।
