मिस यूनिवर्स हरनाज संधू को एक साल तक मिलेंगी ये सुख-सुविधाएं, जान कर रह जाएंगे हैरान
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
13 दिसम्बर, 2021 को इजराइल में हुई मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में खिताब हासिल करने वाली भारत की बेटी हरनाज़ कौर संधू को साल भर तक जो सुख- सुविधाएं मिलेंगी, उन्हें जानकर आप हैरान रह जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता हर साल आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट शोज में से एक है। इसमें दुनिया भर के कई देशों की सुंदरियां भाग लेती हैं। इस साल 70वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता समारोह का आयोजन किया गया था। 1994 की बात है जब सुष्मिता सेन ने मिस यूनिवर्स का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया था। इससे वह यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनी थीं। इसके बाद साल 2000 में, लारा दत्ता को छह साल बाद मिस यूनिवर्स का ताज हासिल हुआ था।
इसके बाद से हर साल कड़ी मेहनत के बावजूद भारत यह ताज हासिल करने में असफल रहा। ऐसे में 21 साल के लम्बे इंतजार के बाद, चंडीगढ़ की रहने वाली हरनाज़ संधू ने एक बार फिर भारत को ये जश्न मनाने का मौका दिया और विरासत को आगे भी बढ़ाया।
देशभर में खुशी का माहौल
13 दिसम्बर, 2021 को भारत की बेटी हरनाज़ कौर संधू एलियट, इज़राइल में हुई इस प्रतियोगिता में जीत हासिल कर ताज को भारत वापस ले आईं। पूरा देश इस विजयी क्षण का जश्न मना रहा है और दुनिया के कोने-कोने से शुभकामनाएं आ रही हैं। ऐसे में जिस ताज के भारत आने की खुशी मनाई जा रही है, उसकी खासियत जानना भी जरूरी है।
कई रिपोर्ट्स से यह पता चलता है कि मिस यूनिवर्स को दी जाने वाली पुरस्कार राशि लगभग 250,000 अमरीकी डालर है, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 1.89 करोड़ रुपए होती है। इसी के साथ कई अन्य सुविधाएं भी हैं, जो मिस यूनिवर्स के खाते में आती हैं।
अब तक का सबसे महंगा ताज पहना है हरनाज ने
सबसे पहले बात करेंगे ताज की। मिस यूनिवर्स का ताज समय-समय पर बदला जाता है। साल 2019 में मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन के नए ज्वैलर मौवाद ज्वेलरी ने मौवाद पावर ऑफ यूनिटी का ताज बनाया था। मिस यूनिवर्स 2021 के खिताब से नवाजी गई हरनाज संधू ने अभी तक का सबसे महंगा ताज पहना है। इस ताज का इस्तेमाल पहली बार साल 2019 सौंदर्य प्रतियोगिता में किया गया था।
एक विदेशी रिपोर्ट के मुताबिक ताज की कीमत लगभग 5 मिलियन अमरीकी डालर बताई गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 37 करोड़ है। मौवाद मिस यूनिवर्स का ताज ‘एकता की शक्ति’ का प्रतिनिधित्व करता है। मौवाद की आधिकारिक वेबसाइट पर इसका विवरण दिया गया है, इसमें लिखा है- “मिस यूनिवर्स पावर ऑफ यूनिटी क्राउन असाधारण शिल्प कौशल का एक अनूठा, बीस्पोक काम है, जो दुनिया को एक शक्तिशाली संदेश देता है। यह दुनिया भर की महिलाओं के समुदाय का प्रतीक है जिनके बंधन उन्हें एकजुट करते हैं।”
रिपोर्ट्स के मुताबिक 1,725 सफेद हीरे और तीन सुनहरे कैनरी हीरों का इस्तेमाल क्राउन में पंखुड़ियों, पत्तियों और लताओं की क्राफ्टिंग के लिए किया गया है, जो एक मजबूत संदेश को दर्शाता है कि हम अलग से ज्यादा मजबूत हैं। इसके अलावा, क्राउन के बीचोबीच 62.83 कैरेट वजन का एक शानदार संशोधित मिश्रित कट गोल्डन कैनरी डायमंड जड़ा हुआ है, जो एक महिला की आंतरिक शक्ति को दर्शाता है और सभी को याद दिलाता है कि शक्ति एकता में निहित है।
हर साल इस प्रतियोगिता के बाद इस बात को लेकर उत्सुक रहते हैं कि इस साल की कीमत कितनी है और मिस यूनिवर्स बनने वाली महिला को कितनी धनराशि प्राप्त होगी। मगर बहुत ही कम लोग जानते हैं कि विजेता को इनके अलावा भी कई इनामों से नवाजा जाता है, साथ ही उन्हें कई सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं। हालांकि, मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन कभी भी ताज जीतने वाले को दी जाने वाली पुरस्कार राशि का खुलासा नहीं करता है। लेकिन कहा जाता है कि इनाम लाखों के होते हैं। इसके अलावा, मिस यूनिवर्स को न्यूयॉर्क में मिस यूनिवर्स अपार्टमेंट में एक साल के लिए रहने की अनुमति है और इसे मिस यूएसए के साथ साझा करना पड़ता है।
छोटे से छोटा खर्च तक मिलता है
इतना ही नहीं, मिस यूनिवर्स के वहां रहने के दौरान, मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन द्वारा उन्हें राशन के सामान से लेकर कपड़ों तक हर चीज की सुविधा मुहैया कराई जाती है। ये लिस्ट अभी यहीं नहीं खत्म होती है। इसके आगे आपको बताते हैं कि मिस यूनिवर्स को क्या क्या सुख सुविधा दी जाती है। रोटी, कपड़ा और मकान के बाद मिस यूनिवर्स को उनके लुक को हर समय परफेक्ट बनाने के लिए असिस्टेंट और प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट की एक पूरी टीम भी दी जाती है। यहां तक कि उनके मेकअप के लिए मेकअप प्रॉडक्ट्स, हेयर प्रोडक्ट्स, जूते, कपड़े, ज्वैलरी, स्किन केयर सहित अन्य चीजों का खर्च भी उन्हें एक साल के लिए दिया जाता है।
इसके बाद उस लुक को कैप्चर करने के लिए दुनिया के बेहतरीन फोटोग्राफर्स की एक टीम उन्हें उनके पोर्टफोलियो बनाने के लिए दी जाती है। मिस यूनिवर्स को अन्य शानदार सेवाओं के साथ एक प्रोफेशनल स्टाइलिस्ट, न्यूट्रीशनिस्ट, त्वचा केयर एक्सपर्ट और डेंटल एक्सपर्ट भी दिया जाता है। मिस यूनिवर्स को विशेष समारोह, पार्टी, प्रीमियर, स्क्रीनिंग और कास्टिंग में मुफ्त प्रवेश भी मिलता है। इसके अलावा, एक साल के लिए, मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन की ओर से ट्रैवेल भी फ्री मिलता है। इसी के साथ वो जहां जाएंगी वहां रहने खाने का पूरा खर्च भी दिया जाता है।
सुख-सुविधाओं के साथ ये जिम्मेदारी भी
अब आपको ये सारी सुख सुविधा सुनकर लग रहा होगा कि काश आपको भी ये सब नसीब होता। लेकिन जैसे बहुत कम लोगों को उनके लाभ के बारे में मालूम है, उससे भी कम लोगों को मिस यूनिवर्स की जिम्मेदारियों का ज्ञान है। मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन के चीफ एम्बेसडर के रूप में उन्हें इवेंट्स, पार्टियों, चैरिटीज, प्रेस कॉन्फ्रेंस में जाना पड़ता है और समाज के प्रति हर पल अपना योगदान देने के लिए तत्पर रहना पड़ता है।
