राजस्थान सचिवालय में कोरोना विस्फोट: 2 आईएएस सहित 30 अफसर-कर्मचारी पॉजिटिव, एक आईएएस में ओमिक्रॉन के लक्षण
सचिवालय के कई अधिकारी-कर्मचारी पर छुट्टी गए, हड़कम्प के हालात
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान सचिवालय में कोरोना विस्फोट हो गया है। यहां 2 आईएएस सहित 30 अधिकारी-कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमित होने वाले आईएएस अधिकारियों में पीसी किशन और दिनेश कुमार शामिल हैं। डीआईपीआर डायरेक्टर पुरुषोत्तम शर्मा, एक डिप्टी डायरेक्टर, ऑपरेटर भी पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, कार्मिक विभाग के जॉइंट सेक्रेटरी जयनारायण मीणा में ओमिक्रॉन के लक्षण मिले हैं। निर्वाचन विभाग में आरएएस सुरेश कुमार भी कोविड संक्रमित हो गए हैं।
इसके साथ शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला के स्टाफ में भी कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले हैं। दरअसल, कर्मचारियों की कोविड जांच लगातार पिछले 4 दिनों से जारी है। सचिवालय में कोरोना फैलने से कर्मचारियों में हड़कम्प मचा हुआ है। हाल ही में परिवहन आयुक्त आईएएस महेन्द्र सोनी भी कोविड पॉजिटिव पाए गए थे। हालांकि उनकी तबीयत में अब सुधार बताया जा रहा है। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग और टेस्टिंग की जा रही है।
4 दिन में 70 से ज्यादा कर्मचारियों के लिए सेम्पल
सचिवालय की डिस्पेंसरी में पिछले 4 दिन में 70 से ज्यादा कर्मचारियों के सेम्पल लिए गए थे। संक्रमितों के सम्पर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग भी की जा रही है। उनके लगातार सेम्पल लिए जा रहे हैं। कई रिपोट्र्स आनी बाकी हैं। बड़ी संख्या में अफसर-कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सेम्पलिंग बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार सचिवालय में बड़ी संख्या में कोरोना केस आने से कर्मचारियों में डर का माहौल है। कई कर्मचारियों ने सीधे अपने लेवल पर बाहर जांच करवा ली है। उस का रिकाॅर्ड अभी सचिवालय के पास नहीं है। कई कर्मचारी छुट्टी पर चले गए हैं। सचिवालय में अब सुरक्षा अधिकारी कर्मचारियों से मास्क लगाने की अपील कर रहे हैं।
सचिवालय में कोविड कंट्रोल रूम बनायाजयपुर सहित प्रदेशभर में कोरोना केस बढ़ने पर सचिवालय में ही स्टेट लेवल कोविड कंट्रोल रूम बनाया गया है। लाइब्रेरी बिल्डिंग की फर्स्ट फ्लोर पर स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में यह सेंटर बनाया गया है। प्रिंसिपल सेक्रेटरी आईटी एंड कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट के डायरेक्शन में यह कंट्रोल रूम काम करेगा। इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री और गृह विभाग को भेजी जाएगी। डीआईजी पुलिस सीआईडी सीबी अनिल कुमार टांक को जयपुर कंट्रोल रूम का कॉर्डिनेटर इंचार्ज बनाया गया है।इस कंट्रोल रूम में आईएएस, आरएएस और आरपीएस अफसरों को तैनात किया गया है। कंट्रोल रूम 24 घंटे 4 शिफ्ट में काम करेगा। यह सेंटर डिस्ट्रिक्ट वॉर रूम और दूसरे डिपार्टमेंट से कॉर्डिनेट करेगा। स्टेट लेवल वॉर रूम की डेली रिपोर्ट्स का अपडेट लेगा। हेल्पलाइन 181 की कोविड सम्बन्धी शिकायतों का निपटारा करेगा। अस्पताल में ऑक्सीजन से लेकर कोविड बेड के बंदोबस्त करने के लिए कॉर्डिनेशन करेगा।
