बूंदी में फिर कोरोना शुरू:6 पॉजिटिव केस मिले, प्रशासन अलर्ट, जयपुर भेजे सेम्पल, कॉन्टेक्ट में आए लोगों की हो रही जांच
एनसीआई@बूंदी
जिले में एक बार फिर से कोरोना ने दस्तक दे दी है। यहां बुधवार को की गई सेम्पलिंग में गुरुवार को 6 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें बूंदी शहर के चार और केशोरायपाटन क्षेत्र के 2 मरीज शामिल हैं। कोरोना की पॉजिटिव रिपोर्ट जारी होते ही मेडिकल डिपार्टमेंट अलर्ट हो गया। सभी मरीजों के घरों पर मेडिकल टीमें पहुंचीं और फिर से जांच कर मरीजों को घर पर आइसोलेट किया गया है। जिले में फिर से कोरोना संक्रमित मरीज आने के साथ ही आमजन में हड़कम्प मच गया। प्रशासन ने आमजन से कोविड गाइड लाइंस की पालना करने की अपील की है।
पीएमओ राकेश तनेजा ने बताया कि बुधवार को करीब 50 से अधिक संदिग्धों की सेम्पलिंग की गई थी। इनमें से गुरुवार को 6 कोरोना वायरस के मरीज सामने आए हैं। मरीजों के सेम्पल को एक बार फिर से लेकर जयपुर भिजवाएंगे, उसी के बाद नए वेरिएंट ओमिक्रोन की पुष्टि की जा सकती है। जिन इलाकों में यह पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं, उनके आसपास के एरिया की रेंडम सेम्पलिंग करवाई जाएगी। उनके कॉन्टेक्ट में आने वाले लोगों की जांच करवाई जाएगी। नगर परिषद की माध्यम से सेनेटाइजर का छिड़काव करवाकर उन गलियों को सीज करवाया जाएगा।
