पत्रकारों की पेंशन, आवास, अधिस्वीकरण जैसी सभी समस्याओं के समाधान के लिए कृत संकल्प: राज्यमंत्री चांदना
एनसीआई@बूंदी
सूचना एवं जनसम्पर्क राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि देश निर्माण के मिशन में लोकत्रंत के चारों स्तम्भों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इनमें प्रेस भी एक स्तम्भ है। चांदना रविवार को एक होटल में आयोजित पत्रकार स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं का यथासंभव समाधान करने का आश्वासन भी दिया। इनमें पेंशन, आवासीय कॉलोनी व अधिस्वीकरण प्रमुख रूप से शामिल है। इस अवसर पर केशवरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल भी अध्यक्ष के रूप में मौजूद थीं। यह आयोजन बूंदी प्रेस क्लब के बैनर तले किया गया था।
राज्यमंत्री चांदना ने कहा कि पत्रकार कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य सरकार की महत्वपूर्ण चिरंजीवी योजना में पत्रकारों को भी शामिल कर इसका लाभ दिया जा रहा है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण की योजनाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी पात्र पत्रकारों को इसका लाभ मिल सके।
पत्रकारों के लिए अब कलक्ट्रेट में ही बनेगा हॉल
सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के थोड़ा दूर होने के कारण पत्रकारों को आने वाली समस्याओं के मद्देनजर राज्यमंत्री चांदना ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि इस असुविधा को दूर करने के लिए जिला कलक्ट्रेट परिसर में ही पत्रकारों के लिए एक हॉल का निर्माण करवाया जा रहा है। एक सप्ताह के भीतर इसकी स्वीकृति जारी हो जाएगी। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि बूंदी का कोई भी पत्रकार उनसे अपनी समस्याओं को लेकर कभी भी मिल सकता है।
चांदना ने यह चुटकी भी ली
अपने भाषण की शुरुआत करते हुए राज्यमंत्री चांदना ने कहा कि वैसे तो मैं अपने विधानसभा क्षेत्र हिंडोली- नैनवां में ही सीमित रहता हूं, बूंदी में नहीं आता। इसी के साथ उन्होंने मंच पर विराजमान केशवरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल की ओर मजाक भरे अंदाज में देखते हुए कहा कि केशवरायपाटन भी नहीं जाता। फिर उन्होंने आगे कहा कि यह तो पत्रकारों का कार्यक्रम है और यह मेरा डिपार्टमेंट है, इसलिए बूंदी के इस कार्यक्रम में आना पड़ा। यहां उल्लेखनीय है कि जिले के हिंडोली विधायक चांदना व पूर्व राज्य मंत्री हरिमोहन शर्मा के बीच समय-समय पर सीमा क्षेत्र में दखल अंदाजी के मुद्दे शीत युद्ध जैसा टकराव देखने को मिला है। मीडिया में ये मामले गर्माते भी रहे हैं। माना गया है कि इसी के मद्देनजर चांदना ने बूंदी के नाम को भी छेड़ा।
विधायक चंद्रकांता ने कही यह बात
केशवरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने इस अवसर पर कहा कि मीडिया बहुत बड़ी ताकत है। चांदना जी के मंत्री बनने में व मेरे तीसरी बार विधायक बनने में भी इसका बहुत बड़ा हाथ है। यही हमारी उपलब्धियों को, कार्यों को जनता के पास तक ले जाता है। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। विधायक चंद्रकांता का कहना था कि कई बार केन्द्र की कापी अच्छी योजनाएं होती हैं, जिन्हें राज्य सरकार एक्सेप्ट नहीं करती।
पत्रकारों को प्रदान किए प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न
इस अवसर पर राज्य मंत्री चांदना व विधायक चंद्रकांता ने पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया।
पत्रकारों ने किया मंथन
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में करीब दो घंटे तक पत्रकारों ने अपनी समस्याओं पर मंथन किया। जिलेभर के अलावा कोटा व बारां तक से आए पत्रकारों ने पत्रकारिता के बारे में अपने अनुभव रखे, समस्याएं बताईं व इनके समाधान की मांग की। कार्यक्रम में राजस्थान पत्रकार संघ (जार) के प्रदेश अध्यक्ष हरिवल्लभ मेघवाल भी मौजूद थे। उन्होंने मुख्य वक्ता के रूप में राज्यमंत्री चांदना के समक्ष पत्रकारों की विभिन्न समस्याएं उठाईं।
