राजस्थान: बदलने वाला है मौसम, अगले कुछ दिन इन हिस्सों में होगी बारिश
एनसीआई@जयपुर
बीते कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में जहां सूरज की तपिश और गर्मी लोगों को सताती है तो शाम होते ही मौसम लोगों को राहत देता महसूस होता है। बीते 24 घंटों में जहां दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी ने लोगों को सताया तो वहीं रात में तापमान में गिरावट ने लोगों को राहत भी दी है। बीते दिन प्रदेश के करीब सभी जिलों में दिन का तापमान 43 डिग्री के पार दर्ज किया गया तो 46.2 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इसके साथ ही करीब एक दर्जन जिलों में दिन का तापमान 44 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
बीती रात लगातार दूसरे दिन अधिकतर जिलों में रात के तापमान में हल्की गिरावट ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी। इस दौरान करीब एक दर्जन जिलों में रात के तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। साथ ही आधा दर्जन जिलों में रात का तापमान 26 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया, हालांकि 5 जिलों में बीती रात का तापमान 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। बीती रात 32.8 डिग्री के साथ फलोदी में सबसे गर्म रात दर्ज की गई।
प्रदेश में बीती रात तापमान मिलाजुला रहा। रात का तापमान कहीं हल्का बढ़ा तो कहीं हल्का गिरा। विभिन्न जिलों में इस प्रकार रहा तापमान-
अजमेर 30 डिग्री, भीलवाड़ा 25.2 डिग्री, वनस्थली 25.8 डिग्री, अलवर 27.6 डिग्री, जयपुर 30 डिग्री, पिलानी 27.2 डिग्री,सीकर 27 डिग्री, कोटा 30.3 डिग्री, बूंदी 28 डिग्री, चित्तौड़गढ़ 25 डिग्री, डबोक 27.2 डिग्री, बाड़मेर 29.4 डिग्री, जैसलमेर 27.8 डिग्री, जोधपुर 31.3 डिग्री, फलोदी 32.8 डिग्री,
बीकानेर 29.7 डिग्री, चूरू 28 डिग्री, श्रीगंगानगर 27.8 डिग्री, धौलपुर 29.2 डिग्री, नागौर 27.9 डिग्री, डूंगरपुर 27.7 डिग्री,जालोर 28.5 डिग्री, सिरोही 29.1 डिग्री, करौली 26.5 डिग्री।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की सम्भावना है। साथ ही पूर्वी राजस्थान के अधिकतर जिलों में धूलभरी हवाओं के साथ ही हल्की बारिश की सम्भावना भी मौसम विभाग ने जताई है। हालांकि बीकानेर सम्भाग में मौसम विभाग ने तापमान 44 से 45 डिग्री तक दर्ज होने के साथ ही हीट वेव की सम्भावना भी जताई है।
