आबकारी विभाग ने लम्बे समय बाद की बूंदी की रामनगर कंजर बस्ती में बड़ी कार्रवाई
एनसीआई@बूंदी
आबकारी विभाग ने शुक्रवार को विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत रामनगर कंजर बस्ती में संयुक्त कार्रवाई कर 20 बोतल हथकढ़ शराब जप्त कर 2000 लीटर वॉश को मौके पर ही नष्ट किया। इस मामले में विभाग की ओर से आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 16/54 में सात अभियोग दर्ज किए हैं। इनमें विशेष श्रेणी के पांच एवं दो सामान्य श्रेणी के अभियोग शामिल हैं।

जिला आबकारी अधिकारी बीएल मीना ने बताया कि अभियान के तहत शुक्रवार सुबह आबकारी निरीक्षकों व तीनों थानों की पुलिस ने रामनगर कंजर बस्ती में संयुक्त रेड की। इस दौरान चालू भट्टी पर हथकढ़ शराब बनाते महिला व पुरुष दिखे। टीम मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी घरों से भाग छूटे। टीम ने भट्टी पर उबलता हुआ 100 लीटर वॉश तथा ड्रमों में भरा 2000 लीटर वॉश जमीन पर उडेलकर मौके पर ही नष्ट किया।

मीना ने बताया कि अवैध शराब की रोकथाम के लिए अभियान निरन्तर जारी रहेगा। संयुक्त कार्यवाही में आबकारी निरीक्षक बून्दी शहर सुनील कुमार गर्ग, नैनवां आबकारी निरीक्षक रामकृष्ण मीणा, प्रहराधिकारी बूंदी शहर कैलाश स्वामी, लाखेरी प्रहराधिकारी जितेन्द्र मय जाप्ता व महिला होमगार्ड शामिल रहे।
