सत्येंद्र जैन की मसाज करने वाला निकला रेपिस्ट: सिसोदिया के दावे को गलत बताते हुए तिहाड़ के अफसर बोले-वो फीजियोथैरेपिस्ट नहीं, पिछले साल पॉक्सो एक्ट में अरेस्ट हुआ
एनसीआई@नई दिल्ली
19 नवम्बर को सामने आए कुछ वीडियो में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन अपनी मसाज करवाते नजर आ रहे थे। अब सामने आया है कि सत्येंद्र जैन जिस व्यक्ति से अपनी मसाज करवा रहे थे वो
मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के दावे के विपरीत कोई फिजियोथैरेपिस्ट नहीं अपितु एक रेपिस्ट है।
जेल में मसाज के वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने आम आदमी पार्टी (AAP) और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठाया था। इस पर केजरीवाल ने कहा था कि जैन की तबीयत खराब है और उन्हें फीजियोथैरेपी दी जा रही है।
वहीं न्यूज एजेंसी ANI ने तिहाड़ के ऑफिशियल सूत्रों के हवाले से बताया है कि जैन को मसाज देने वाला व्यक्ति रिंकू पॉक्सो एक्ट में बंद है, अर्थात उस पर नाबालिग से बलात्कार का आरोप है। उसे एक साल पहले गिरफ्तार किया गया था। वह फीजियोथैरेपिस्ट नहीं है।
यह खबर सामने आने के बाद भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा-अच्छा तो ये फीजियोथैरेपिस्ट नहीं था। सत्येंद्र जैन को मसाज देने वाला रेपिस्ट था। शॉकिंग। केजरीवाल को जरूर इस पर जवाब देना चाहिए कि उन्होंने सत्येंद्र जैन का बचाव क्यों किया और फीजियोथैरेपिस्ट की बेइज्जती क्यों की? तीन दिन पहले शहजाद पूनावाला ने ही कुछ वीडियो शेयर किए थे, जिनमें सत्येंद्र जैन जेल में मसाज करवाते दिखाई दे रहे थे।
सिसोदिया ने कहा था-बीमारी का मजाक बनाना शर्मनाक
वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तुरंत सत्येंद्र जैन के पक्ष में सामने आए थे। उन्होंने कहा था कि जैन बीमार हैं और डॉक्टरों की सलाह पर फीजियोथैरेपी ले रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि तिहाड़ के वीडियो लीक कैसे हुए और भाजपा के पास कैसे पहुंचे? साथ ही जैन की बीमारी का मजाक बनाने को शर्मनाक बताया था।
फीजियोथैरेपिस्ट एसोसिएशन ने जताई थी नाराजगी
सिसोदिया के बयान का इंडियन एसोसिएशन ऑफ फीजियोथैरेपिस्ट ने विरोध किया था। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा था, “प्रोफेसर के तौर पर ये कह सकता हूं कि वीडियो में जो मसाज दिखाई दे रही है, वह फीजियोथैरेपी नहीं है। देशभर में कई फीजियोथैरेपिस्ट जेल में हैं, लेकिन ये थैरेपी को नीचा दिखाने का तरीका है। हम इस तरह के मसाज को फीजियोथैरेपी कहने का विरोध करते हैं। इसके लिए जिम्मेदार मंत्री माफी मांगें।
डीजी और सुपरिंटेंडेंट पर हुआ था एक्शन
सत्येंद्र जैन को VVIP ट्रीटमेंट देने के आरोप में तिहाड़ जेल के बैरक नम्बर 7 के सुपरिन्टेंडेंट अजीत कुमार को 14 नवम्बर को सस्पेंड कर दिया गया था। इससे 10 दिन पहले, यानी 4 नवम्बर को तिहाड़ के डीजी संदीप गोयल को हटाकर उनकी जगह संजय बेनीवाल को लाया गया था। गोयल पर तिहाड़ में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने 10 करोड़ रुपए वसूलने का आरोप लगाया था। इनके साथ कुछ और कर्मचारियों को भी हटाया गया था।
ED का हलफनामा: जेल में मसाज करवा रहे सत्येंद जैन
मंत्री सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल में मजे की जिंदगी जी रहे हैं। ED ने कोर्ट में एक हलफनामा और कुछ तस्वीरें देकर कहा था कि सत्येंद्र को तिहाड़ जेल में कई तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। CCTV फुटेज में उन्हें बैक और फुट मसाज कराते देखा गया है। जेल सुपरिन्टेंडेंट नियमों के खिलाफ जाकर सत्येंद्र जैन से मुलाकात करते हैं, वे उनसे पूछने जाते हैं कि जेल में मंत्री को कोई समस्या तो नहीं है।
मनी लॉन्ड्रिंग केस में जैन को नहीं मिली जमानत
सत्येंद्र जैन को CBI कोर्ट फिर झटका लगा। गुरुवार को कोर्ट ने सत्येंद्र जैन और दो अन्य को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके एक दिन पहले दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष जज विकास ढुल ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। कोर्ट ने मेन केस में सुनवाई के लिए अगली तारीख 29 नवम्बर तय की है।
