April 29, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने एक बार फिर लिखा सीएम को पत्र-‘खनन मंत्री भू-माफिया है, उसे पद से हटाएं’

कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने एक बार फिर लिखा सीएम को पत्र-‘खनन मंत्री भू-माफिया है, उसे पद से हटाएं’

एनसीआई@कोटा

कोटा जिले के सांगोद से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री भरत सिंह कुंदनपुर ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को एक बार फिर पत्र लिखकर खनन मंत्री को हटाने की अपनी पुरानी मांग दोहराई है। ऐसा नहीं करने पर नए साल की शुरुआत में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

सीएम गहलोत को नए साल की बधाई देते हुए भरत सिंह ने अपने पत्र में लिखा है, खनन मंत्री भ्रष्ट और भू-माफिया हैं, उन्हें पद से हटाइए।

उल्लेखनीय है कि अलवर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान स्थानीय नेताओं ने अवैध खनन का मुद्दा उठाया था। इस पर कथित तौर पर सीएम गहलोत ने राहुल गांधी से कहा था कि अवैध खनन एक बीमारी है, इसमें बड़े माफिया शामिल हैं। गहलोत ने कहा था, यहां तक कि आईजी को नियुक्त करने से भी हमें सफलता हासिल करने में मदद नहीं मिली।

राज्य और पार्टी हित में पद से हटाएं 

भरत सिंह ने बिना किसी का नाम लिए पत्र में लिखा है, वर्ष 2022 के अंत में यह पत्र लिखकर मैं आपसे मांग कर रहा हूं कि राज्य के खनन मंत्री, जो खनन माफिया हैं, उन्हें पार्टी और राज्य के हित में पद से हटा दें। सिंह ने अपने पत्र में आगे कहा है, पत्र लिखते समय मैं समझ गया कि वह आपके संरक्षण में है। आपका भ्रष्टाचार का नारा खोखला है, क्योंकि यह मंत्री 100 प्रतिशत भ्रष्ट है। मैं नए साल (2023) में भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क पर उतरुंगा।

लम्बे समय से उठा रहे आवाज

गौरतलब है कि भरत सिंह लम्बे समय से अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। इस सम्बन्ध में कई बार सीएम को पत्र लिख चुके हैं। हाल ही में 28 नवम्बर को उन्होंने राज्य के खनन मंत्री पर निशाना साधा और उनका नाम लिए बगैर सिमलिया थाना क्षेत्र में करंट लगने से हुई दो लोगों की मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। भरत सिंह ने खनन मंत्री पर अवैध खनन का आरोप लगाते हुए कहा था कि खनन मंत्री को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए, सरकार को इस्तीफा लेना चाहिए।

पूनिया और मीणा ने मांगा जवाब

इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए भरत सिंह के सवाल का जवाब मांगा। भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने भी तंज कसते हुए कहा है कि विधायक चिट्ठी लिखकर थक चुके हैं, लेकिन सरकार उनकी बात नहीं सुनती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.