अशोक गहलोत पर हमलावर पूर्व मंत्री हरीश चौधरी ने एक बार फिर दोहराई वही बात
एनसीआई@बाड़मेर
पूर्व राजस्व मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी ने कुछ दिन पूर्व चौहटन में एक सामाजिक कार्यक्रम में दिए गए उनके भाषण के बाद भाजपा में जाने की अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि वे पैदा कांग्रेस पार्टी में हुए हैं और जब तक जिंदा रहेंगे, तब तक कांग्रेस पार्टी में ही रहेंगे। उनके पूर्वजों ने इस पार्टी को अपने खून पसीने से सींचा है। इस जीवन में कांग्रेस को छोड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता है।
बार-बार कहता हूं रालोपा मुख्यमंत्री की प्रायोजित पार्टी
पूर्व मंत्री चौधरी ने कुछ दिन पूर्व दिए गए अपने बयान पर कायम रहते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार नहीं कहा है कि हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा प्रायोजित है। उन्होंने नागौर में भी यह बात कही थी, बाड़मेर में भी उसी बात को दोहराया है।
पायलट खेमे में जाने के सवाल को टाला
हरीश चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ मोर्चा खोलने व कांग्रेस की कार्यशाला में सचिन पायलट के साथ चर्चा करते हुए वायरल हुई तस्वीरों के बाद पायलट खेमे में जाने के सवाल को टाल गए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे सिर्फ कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी उनके सम्पर्क अच्छे हैं, सचिन पायलट से भी।
बायतु विधायक हरीश चौधरी बाड़मेर जिला मुख्यालय पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजेंद्र कड़वासरा के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर में शरीक होने के बाद पत्रकारों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर कहा कि युवा कोचिंग सेंटर एवं कॉलेजों की लाखों रुपए की फीस भरने के बाद नौकरी की आस लगाते हैं, लेकिन पेपर लीक हो जाने से इन पर कुठाराघात होता है। यह बहुत ही गम्भीर मुद्दा है। इस तरह के पेपर लीक करने वाले गिरोह पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में मेहनती विद्यार्थियों के साथ धोखा नहीं हो।
