April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान में अब बारिश का अलर्ट, उदयपुर में 12 साल का रिकॉर्ड टूटा, 6 से ज्यादा शहरों में जमा पाला

राजस्थान में अब बारिश का अलर्ट, उदयपुर में 12 साल का रिकॉर्ड टूटा, 6 से ज्यादा शहरों में जमा पाला

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का सितम जारी है। चूरू, सीकर, बीकानेर, जयपुर सहित कई जिलों के ग्रामीण अंचलों में कड़ाके की सर्दी से खेतों में बर्फ जम गई। पाला खेतों में ही जम गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक कड़ाके की सर्दी का यह दौर अगले 2 दिन और रहेगा। उदयपुर में तो ठंड ने 12 साल का रिकॉर्ड ही तोड़ दिया।

19 जनवरी से मौसम में बदलाव आने व तापमान बढ़ने की सम्भावना है। तब लोगों को शीतलहर और कड़ाके की सर्दी से राहत मिल सकेगी। इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार 23-24 जनवरी को एक बड़ा सिस्टम बनने की संभावना है, जिससे राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।

आज सोमवार को जयपुर के जोबनेर, सीकर के फतेहपुर के अलावा माउंट आबू व चूरू में तापमान माइनस में दर्ज किया गया। माइनस 6 डिग्री सेल्सियस के साथ माउंट आबू सोमवार को सबसे ठंडा रहा। यहां कल तापमान इससे भी ज्यादा ठंडा -7 डिग्री सेल्सियस रहा था।

माउंट में दूसरे दिन भी मैदानी और पहाड़ी इलाके बर्फ से ढके नजर आए। जयपुर के जोबनेर में पारा आज माइनस 4.2 और सीकर के फतेहपुर में -3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन दोनों ही शहरों में लगातार दूसरे दिन पारा माइनस में दर्ज हुआ है। जयपुर शहर में जोबनेर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी पारा जमाव बिंदू पर दर्ज हुआ, जिसके चलते यहां खेतों में बर्फ जम गई।
चूरू में आज भी दूसरे दिन पारा -2.5 डिग्री पर दर्ज हुआ। इन जिलों के अलावा बीकानेर, गंगानगर, झुंझुनूं में भी ग्रामीण इलाकों में पारा जमाव बिंदू के नजदीक पहुंच गया। यहां खेतों में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील नजर आईं। पेड़ों और खेतों पर लगी बाड़ पर ओंस जम गई, जो दिखने में किसी कांच के झूमर की तरह दिखाई दी।

अलवर व भीलवाड़ा में भी जमी बर्फ, पारा जीरो पर पहुंचा

सीकर, चूरू, माउंट आबू के अलावा आज अलवर, भीलवाड़ा में भी तापमान जमाव बिंदू पर दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 0 पर पहुंच गया, जिससे यहां भी मैदानों और खेतों में बर्फ जम गई। इधर, सीकर शहर में आज पारा -2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। सीकर में ये सीजन का सबसे कम तापमान रहा है। इससे पहले सीकर में 5 जनवरी को -1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था।

यहां 12 साल में जनवरी की सबसे सर्द रात

झीलों की नगरी उदयपुर में सर्दी का नया रिकॉर्ड बना है। यहां पिछले 12 साल में जनवरी का सबसे कम तापमान रिकॉर्ड हुआ है। बीती रात उदयपुर का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पिछले 12 साल में सबसे कम तापमान रहा। इससे पहले जनवरी 2017 में उदयपुर में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसके अलावा आज अजमेर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो जिले में इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। इससे पहले अजमेर में कल तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस था।

जैसलमेर के पोकरण में सर्द हवा और शीतलहर ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। इसके चलते फसलों पर ओस जमकर बर्फ बन गई।

19 जनवरी से मिलेगी सर्दी से राहत

राजस्थान को अभी इस तेज सर्दी का सितम अगले दो दिन 17 और 18 जनवरी को झेलना पड़ा सकता है। इन दो दिन भी पारा जमाव बिंदू के आसपास बना रह सकता है। 18 जनवरी की शाम से मौसम में बदलाव आएगा और पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर बेल्ट में तापमान बढ़ेगा और वहां लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी। इसके पीछे कारण एक फ्रेश वेर्स्टन डिस्टर्बेंस का एक्टिव होना है। इस सिस्टम के असर से 19 व 20 जनवरी को उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, लद्दाख एरिया में बारिश के साथ बर्फबारी होगी। इस सिस्टम का असर 21 जनवरी तक रहेगा।

23 से राजस्थान में हो सकती है बारिश

23 जनवरी को एक बड़ा सिस्टम राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली के आसपास एक्टिव हो सकता है। अगर ये सिस्टम एक्टिव होता है तो इससे राजस्थान के कई हिस्सों में 23-24 जनवरी को मावठ पड़ सकती है। इस सिस्टम का असर भी 25-26 जनवरी तक रहने की उम्मीद है। 26 जनवरी से राजस्थान में मौसम साफ होने लगेगा।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

अजमेर 3.6, बाड़मेर 6.1, बीकानेर 2.4, जयपुर 4.7, जैसलमेर 3.6, जोधपुर 5.1, कोटा 4.3, बूंदी 4.2, चित्तौड़गढ़, 1.2, पिलानी 1.9, गंगानगर 2.6, उदयपुर, 2, अलवर 0, भीलवाड़ा 0, सीकर-2, फतेहपुर-3.7, चूरू-2.5, जोबनेर-4.2 व माउंट आबू-6

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.