पीएम मोदी पर बनी बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री सीरीज पर एक्शन, ब्लॉक किए गए ट्विटर और यूट्यूब लिंक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सम्बन्धित बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री सीरीज के वीडियो को YouTube पर ब्लॉक कर दिया गया है। इसके साथ ही बीबीसी डॉक्यूमेंट्री के YouTube लिंक शेयर करने वाले ट्वीट भी ब्लॉक किए गए हैं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कई YouTube वीडियो को ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए हैं। सूत्रों का कहना है कि यूट्यूब और ट्विटर दोनों ने निर्देशों का पालन किया है।
एनसीआई@नई दिल्ली
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) द्वारा जारी डॉक्यूमेंट्री सीरीज पर केन्द्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सम्बन्धित इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज के ट्वीट और यूट्यूब लिंक वीडियो को ब्लॉक करने के आदेश दिए हैं। ट्विटर और यूट्यूब से ये वीडियो और लिंक हटाए जा रहे हैं। बताया गया कि YouTube वीडियो के लिंक वाले 50 से ज्यादा ट्वीट्स को ब्लॉक किया गया है।
इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बीबीसी की सीरीज को झूठे नेरेटिव और प्रोपेगेंडा का हिस्सा मात्र बताया था। उल्लेखनीय है कि बीबीसी ने ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन’ शीर्षक से दो पार्ट में एक नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज बनाई है। यह सीरीज गुजरात में 2002 में हुए दंगों पर आधारित है। तब नरेन्द्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे। गोधरा में हिन्दू तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक ट्रेन में आग लगने के बाद कथित तौर पर हिंसा भड़क उठी थी। हिंसा के कारण एक हजार से अधिक मौतें हुईं थीं।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बीबीसी डॉक्यूमेंट्री के पहले एपिसोड को चलाने वाले कई YouTube वीडियो को ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव ने इस सम्बन्ध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने बीबीसी सीरीज के लिंक से सम्बन्धित 50 से ज्यादा ट्वीट्स को ब्लॉक करने के लिए ट्विटर को आदेश जारी किए हैं। सूत्रों ने कहा कि YouTube और Twitter दोनों ने निर्देशों का पालन किया है।
‘बीबीसी का घिनौना प्रचार…’
सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और I&B ने डॉक्यूमेंट्री की जांच की। इसमें बीबीसी सीरीज को लोगों के बीच नफरत, सुप्रीम कोर्ट के अधिकार और विश्वसनीयता पर आक्षेप लगाने के प्रयास के रूप में माना। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सलाहकार कंचन गुप्ता ने ट्वीट किया और अपडेट शेयर किया है। उन्होंने लिखा- बीबीसी का घिनौना प्रचार भारत की सम्प्रभुता और अखंडता को कमजोर करता पाया गया और इसमें विदेशों के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण सम्बन्धों के साथ-साथ देश के भीतर सार्वजनिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालने की क्षमता थी।
YouTube पर BBCWorld के डॉक्यूमेंट्री के रूप में खतरनाक प्रोपेगेंडा और भारत विरोधी कचरे के लिंक शेयर करने वाले ट्वीट को भारत के सम्प्रभु कानूनों और नियमों के तहत ब्लॉक कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ के पहले एपिसोड के कई YouTube वीडियो को ब्लॉक करने के आदेश दिए हैं और साथ ही इन वीडियो के लिंक वाले 50 से ज्यादा ट्वीट्स को ब्लॉक करने के लिए Twitter को आदेश भी जारी किए गए हैं।
कंचन गुप्ता ने आगे कहा- वीडियो और ट्वीट को ब्लॉक करने के लिए आईटी रूल, 2021 के तहत मिले आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने आगे कहा कि बीबीसी ने भारत में डॉक्यूमेंट्री सीरीज जारी नहीं की थी और कुछ YouTube चैनलों ने ‘भारत विरोधी एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए’ कंटेंट अपलोड किया था। गुप्ता ने कहा- YT को वीडियो को फिर से अपलोड करने पर ब्लॉक करने का निर्देश दिया गया है।
