बूंदी: पिकअप से बांधकर एटीएम उखाड़ ले गए, इसमें थे 11 लाख 69 हजार रुपए
एनसीआई@बूंदी
जिले के हिंडोली कस्बे में शुक्रवार देर रात चोर एसबीआई बैंक के बाहर लगे हुए एटीएम को पिकअप से बांध कर उखाड़ ले गए। इस एटीएम में 11 लाख 69 हजार रुपए थे। यहां कोई गार्ड तैनात नहीं था। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में पिकअप से 4-5 लोग एटीएम के पास आते हुए दिखाई दे रहे हैं। इन फुटेज के आधार पर ही पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
हिंडोली डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि सिविल लाइन में तहसील रोड पर शुक्रवार रात चोर एसबीआई के बाहर लगे एटीएम को उखाड़ कर ले गए। उन्होंने बताया कि रात 2 बजे तक पुलिस गश्त कर रही थी। यह घटना लगभग सवा दो बजे के आसपास की है। उन्होंने बताया कि 2 बजे तक एटीएम सही था। उस समय हमारी पुलिस ने गश्त के दौरान एटीएम का फोटो खींचकर मुझे वॉट्सएप किया था। उसके बाद गश्त की गाड़ी चतरगंज की तरफ चली गई थी।
सीसीटीवी फुटेज में पता चला है कि एक पिकअप में 4-5 लोग एटीएम के पास आए थे। उन्होंने पहले सीसीटीवी कैमरों व सायरन सिस्टम के तारों को काटकर शटर का ताला तोड़ा। इसके बाद एटीएम को रस्सी से पिकअप के बांधकर बाहर निकाला। फुटेज में चोर एटीएम को पिकअप में डालकर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस टीम बनाकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। टोल नाकों पर भी संदिग्ध व्यक्तियों की सीसीटीवी फुटेज निकाली जा रही है। एफएसएल और फिंगरप्रिंट की स्पेशल टीम मौके पर बुलाई गई है। बैंक मैनेजर गिरीश कुमार ने बताया कि एटीएम में शुक्रवार सुबह 12 लाख रुपए डाले थे। दिनभर ट्रांजेक्शन के बाद एटीएम में 11 लाख 69 हजार रुपए शेष रहे थे।
