April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान : अभी इतने दिन रहेगी ठिठुरन, माउंट में तापमान फिर माइनस में, कई शहरों में 6 डिग्री तक

राजस्थान : अभी इतने दिन रहेगी ठिठुरन, माउंट में तापमान फिर माइनस में, कई शहरों में 6 डिग्री तक

एनसीआई@जयपुर

पिछले दिनों पहाड़ी प्रदेशों में हुई बारिश और बर्फबारी का असर राजस्थान में दिखने लगा है। उत्तर भारत से आ रहीं बर्फीली हवाएं फिर ठिठुराने लगी हैं। मौसम साफ होने के बावजूद गलन बढ़ गई है।

राज्य में बुधवार को अजमेर, उदयपुर, बाड़मेर, जोधपुर सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। हिल स्टेशन माउंट आबू में चार दिन बाद एक बार फिर से पारा माइनस में चला गया। यहां बर्फ जम गई।

तापमान में इसलिए गिरावट के आसार

इधर, मौसम केन्द्र जयपुर ने अगले 3-4 दिन तक मौसम साफ रहने और तेज सर्द हवाएं चलने की सम्भावना जताई है। इससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट के आसार हैं।

गौरतलब है कि दो दिन पहले सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) से राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में अच्छी बारिश हुई थी। पहाड़ी राज्यों हिमाचल व जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी भी हुई । ये सिस्टम अब गुजर चुका है, लेकिन इससे ऊंचाई वाले इलाकों से बर्फीली हवाएं मैदानी राज्यों की ओर बहने लगी हैं। यही कारण है कि राजस्थान में सर्दी नए सिरे से शुरू हो गई।

इसी क्रम में बीकानेर में मंगलवार रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सोमवार रात को 8 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसी तरह भीलवाड़ा में भी टेम्प्रेचर 4.6 पर पहुंच गया। इसमें करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही है।

सर्द हवाएं चलने से बढ़ी ठिठुरन

राज्य में मंगलवार देर शाम से सर्द हवाओं का असर तेज हो गया था। जयपुर, गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, सीकर सहित कई शहरों में ये हवाएं झकझोरने लगी थीं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन सर्द हवाओं का असर 2-3 दिन ऐसे ही बना रहेगा। हालांकि राजस्थान में ओवरऑल मौसम एक सप्ताह तक साफ और शुष्क रहेगा। धूप भी अच्छी निकलेगी।

माउंट में फिर जमी बर्फ

हिल स्टेशन माउंट आबू में उत्तरी हवाओं का असर सबसे ज्यादा रहा। यहां टेम्प्रेचर एक डिग्री माइनस पर दर्ज हुआ, जो कल शून्य पर रहा था। इस कारण यहां खुले इलाकों में बर्फ जम गई। इस सीजन में माउंट में यह 17 वां दिन है, जब तापमान माइनस में गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक माउंट में कल भी टेम्प्रेचर माइनस में ही रह सकता है।

सीकर में कोहरे के साथ छाए बादल

सीकर में हुई मावठ की बारिश के बाद नमी होने के चलते आज सीकर जिले में लगातार तीसरे दिन भी कोहरा छाया रहा। वहीं, आज सुबह सीकर के हर्ष पर्वत पर तो बादल भी इस कदर छाए जैसे उन्होंने हर्ष पर्वत को चारों तरफ से घेरा हुआ हो। पूरा का पूरा हर्ष गांव बादलों से ढका हुआ नजर आया। फिलहाल 4 फरवरी तक यहां मौसम शुष्क रहेगा।

बीकानेर में कोहरा नहीं, सर्दी छाई

बीकानेर में मंगलवार सुबह जहां कोहरे के कारण लोग घर से बाहर निकलने से बचते रहे, वहीं दोपहर में गर्म कपड़ों में भी ठंड महसूस हुई। बुधवार सुबह कोहरा नहीं रहा, लेकिन तेज हवाओं ने सर्दी से राहत नहीं दी।

बहरोड़ में शीतलहर से बढ़ी ठिठुरन

बहरोड़ सहित आसपास के इलाकों में शीतलहर चल रही है। कड़ाके की ठंड के बीच जनजीवन प्रभावित बना हुआ है। हालांकि दिन में धूप खिलने से सर्दी से हल्की राहत मिलती है।

कोटा संभाग में साफ रहा मौसम

बुधवार को कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड़ में सुबह हल्का कोहरा रहने के बाद दिन में मौसम साफ रहा। अच्छी धूप निकली। मगर गलन का असर रहा। बूंदी और कोटा में दिन में 21 डिग्री, वहीं बारां और झालावाड़ में 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में सुबह का तापमान

अजमेर 7, अलवर 9.7, बाड़मेर 9.1, भीलवाड़ा 4.6, बीकानेर 4, बूंदी 8.2, चित्तौड़गढ़ 6.4, चूरू 6.3, जयपुर, 7.9, जैसलमेर 9.4, जोधपुर 8.6, कोटा 10.9, पिलानी 8.7, सीकर 6.5, गंगानगर 7.2, उदयपुर 8.8, फतेहपुर 8

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.