मोदी के दिल्ली आने के बाद जादू हुआ, 609 से नम्बर एक पर पहुंच गए अडानी, राहुल का पीएम मोदी पर लोकसभा में बड़ा आरोप
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उद्योगपति गौतम अडानी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। राहुल ने पीएम मोदी से अडानी से रिश्तों को लेकर सवाल पूछे हैं। आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए राहुल ने अपना लगभग पूरा भाषण अडानी पर फोकस किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशों में अडानी की शैल कम्पनियां है, सरकार पता लगाए कि इसमें किसका पैसा लगा है। राहुल ने एयरपोर्ट, डिफेंस से लेकर बिजली तक के अडानी के डील पर सवाल उठाए और पीएम मोदी पर अडानी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।

‘पूरे हिन्दुस्तान में अडानी का नाम सुनने को मिला’
राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘राष्ट्रपति के अभिभाषण में बेरोजगारी और महंगाई जैसे शब्द एक भी बार नहीं आए।’’ उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान देश में जहां भी गए, हर जगह ‘अडानी’ नाम सुनने को मिला। अडानी ग्रुप से जुड़े हालिया घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में उनके नाम का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘मैं देश में जहां-जहां गया, हर जगह एक ही नाम ‘अडानी’ सुनाई दिया; लोगों ने पूछा कि इनका हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री के साथ क्या रिश्ता है।’’
‘मोदी के साथ रिश्ते की वजह से अडानी आगे बढ़े’
राहुल ने कहा, अडानी किसी भी बिजनेस में घुस जाते हैं। मोदी सिखाएं कि अडानी जैसी कामयाबी कैसे पाई जा सकती है। अडानी जी का नेटवर्थ 2014 से 2023 तक 8 बिलियन डॉलर से 140 बिलियन डॉलर कैसे बढ़ा। 2014 में दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 609 वें नम्बर पर थे फिर नम्बर वन तक कैसे पहुंच गए। अडानी मोदी के वफादार रहे हैं और मोदी के साथ रिश्ते की वजह से वह आगे बढ़े। अडानी को बिना अनुभव के एयरपोर्ट बिजनेस का ठेका मिला, उनके लिए रूल को बदला गया।
‘बिना अनुभव के अडानी को ड्रोन का ठेका मिल गया’
आगे उन्होंने कहा, अडानी के बिजनेस के लिए सरकार की ताकत का इस्तेमाल किया गया। पीएम ऑस्ट्रेलिया जाते हैं तो अडानी को कोल का ठेका मिल जाता है। इजराइल जाते हैं तो डिफेंस का ठेका मिल जाता है। बिना अनुभव के अडानी को ड्रोन का ठेका मिल गया।
स्पीकर बिरला बोले- ऐसा उचित नहीं
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने लंबे चौड़े भाषण के दौरान अग्निवीर के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी के गौतम अडानी से सम्बन्धों पर सवाल उठाते हुए पुरानी तस्वीरें निकालीं। इस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें टोका और कहा कि ऐसा उचित नहीं है। बिरला ने कहा कि सदन में पोस्टरबाजी नहीं होनी चाहिए। सत्ता पक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये भी मुख्यमंत्री (राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत) के पोस्टर लाए हैं। ये बिल्कुल भी उचित नहीं है। फिर ये भी दिखाएंगे। इस पर राहुल ने कहा कि ये पोस्टर नहीं है। उन्होंने कहा कि ये मोदीजी की पुरानी तस्वीर है जिसमें उनका चेहरा बहुत अच्छा दिख रहा है और पीछे अडानी भी है। वे अडानी के प्लेन में सवार हो रहे हैं तब की तस्वीर है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 2014 में जो अडानी दुनिया के अमीरों की सूची में 609वें नम्बर पर थे, मोदीजी के दिल्ली आने के बाद शुरू हुए मैजिक के कारण इतने कम समय में दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख़्स बन गए।
राहुल गांधी ने यह भी कहा
राहुल गांधी ने सरकार पर नियमों में बदलाव कर मुनाफे वाले एयरपोर्ट्स अडानी को सौंपने का आरोप लगाया। यह भी कहा कि पीएम के इजराइल जाने के तुरंत बाद अडानी को डिफेंस सेक्टर का भी टेंडर मिल गया। जहाजों के मेंटिनेंस और स्माल आर्म्स का टेंडर भी अडानी को मिल जाता है। भारत और इजराइल का पूरा का पूरा रक्षा सौदा अडानीजी को मिल जाता है।
राहुल गांधी ने कहा कि इजराइल के एक दौरे से 90 फीसदी रक्षा सौदा अडानीजी के हाथ में चला गया। राहुल गांधी के आरोप पर सरकार की ओर से कानून मंत्री ने कड़ी आपत्ति जताई। कानून मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि इस तरह गम्भीर आरोप नहीं लगाए जा सकते। आप जो कुछ भी आरोप लगाइए, उसके सबूत दीजिए। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि दे देंगे सबूत। रविशंकर प्रसाद और अर्जुन राम मेघवाल भी बिना सबूतों के राहुल गांधी के भाषण देने पर आपत्ति जताते नजर आए।
