April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

भंडाफोड़: 20 लीटर तेल से बन रहा था 600 किलो पनीर, जयपुर में हो रहा था सप्लाई

भंडाफोड़: 20 लीटर तेल से बन रहा था 600 किलो पनीर, जयपुर में हो रहा था सप्लाई

एनसीआई@अलवर

नकली दूध के बाद अब रामगढ़ थाना क्षेत्र में नकली पनीर बनाने की फेक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। दरअसल पॉम ऑयल (वनस्पति तेल) में नकली दूध मिलाकर पनीर बनाया जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि यह सारा पनीर जयपुर शहर की अलग-अलग डेयरियों में सप्लाई हो रहा था।

मामला रामगढ़ थाने के बहादुरपुर रोड का है। सूचना के आधार पर सरस डेयरी की टीम ने बुधवार दोपहर एक बजे इस फेक्ट्री पर छापा मारा तो यह बड़ा गड़बड़ घोटाला सामने आया। इस फेक्ट्री का संचालक उधल सिंह नामक युवक है, जो अपने मकान के पास ही इसे चला रहा था।

सरस डेयरी चेयरमैन ने यह बताया

अलवर सरस डेयरी के चेयरमैन विश्राम गुर्जर ने बताया कि पिछले दिनों उन्हें उधल सिंह के यहां नकली पनीर बनाने की फेक्ट्री की जानकारी मिली थी। इस पर कार्रवाई करने के लिए जिला कलक्टर के निर्देश पर टीम गठित की गई और छापा मारा गया। सामने आया है कि उधल सिंह डेढ़ साल से यह फेक्ट्री चला रहा था। यहां से रोज नकली पनीर जयपुर सप्लाई होता था।

सामने आया है कि 20 लीटर पॉम ऑयल से 600 किलो तक नकली पनीर बना रहे थे। जब फेक्ट्री मालिक उधल सिंह ने स्वीकार किया कि वह रोज 300 किलो पनीर बनाता रहा है।

ऐसे बनाते थे नकली पनीर

पनीर बनाने के लिए पॉम ऑयल के साथ दूध पाउडर का वेस्ट और सोर्बिटोल काम में लेते हैं। इन्हें ग्राइंडर से मिक्स कर पनीर तैयार किया जाता था। हालांकि टीम जब मौके पर पहुंची तो 300 किलो नकली पनीर सुबह ही जयपुर भेजा जा चुका था। मौके पर नकली पनीर बनाने के लिए सोर्बिटोल व दूध पाउडर के कट्‌टे, 120 पॉम ऑयल के पीपे मिले हैं।फेक्ट्री में ग्राइंडर सहित अन्य सामान भी मिला है। इसी से सभी सामान को मिक्स कर नकली पनीर तैयार किया जा रहा था।

दो तरह का पनीर बनाता था

उधल सिंह से पूछताछ में टीम को पता चला इस फेक्ट्री में दो तरह का पनीर बनाया जाता था। इनमें एक 220 और एक 280 रुपए प्रति किलो के भाव का था। 220 रुपए प्रति किलो वाले नकली पनीर में पॉम ऑयल, दूध पाउडर का वेस्ट और सोर्बिटोल की मात्रा ज्यादा रहती है। जबकि 280 रुपए किलो वाले पनीर में दूध की मात्रा को ज्यादा रखते थे।

उधल सिंह ने बताया कि रोजाना 400 किलो दूध का सपरेटा (पाउडर का वेस्ट) निकाला जाता है। जबकि SNF (सॉलिड नॉनफेट) मैनटेन करने के लिए सोर्बिटोल मिलाते थे। पूछताछ में उसने बताया कि जयपुर शहर की अधिकांश डेयरियों में वह पनीर सप्लाई करता था। इन डेयरियों से यह पनीर शहर की बड़ी कॉलोनियों में पहुंच रहा था।

टॉयलेट को बना रखा था फेक्ट्री की ढाल

बहादुरपुर रोड पर उधल सिंह का आलीशान मकान है। इसी मकान के पास फेक्ट्री बना रखी थी। किसी को शक नहीं हो, इसके लिए टॉयलेट में ही एंट्री गेट बना रखा था। इसलिए टीम जब मौके पर पहुंची तो पहले तो वह कंफ्यूज हो गई। जब तलाशी की तो पता चला कि किसी को फेक्ट्री के बारे में पता नहीं चले, इसलिए मकान के बाहर एक टॉयलेट बना रखा था।

इधर, 12 सौ लीटर नकली दूध बरामद

चेयरमैन विश्राम गुर्जर ने बताया कि यहां बड़ी मात्रा में नकली पनीर बनाने का सामान मिला है, जिसे जब्त कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि डेढ़ साल से वह फेक्ट्री चला रहा था। उन्होंने बताया कि बुधवार को ही किशनगढ़ बास के बागोड़ा गांव से 1200 लीटर नकली दूध पकड़ा है। यहां दो पिकअप थी। इसमें से एक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरी गाड़ी से नकली दूध पकड़कर उसे नष्ट करवा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.