बीजेपी नेता की बच्ची को मां की गोद से छीनकर भागे बदमाश
एनसीआई@नई दिल्ली
देश की राजधानी में झंडेवालान मंदिर के पास से एक बीजेपी नेता की बच्ची का बाइक सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने घेराबंदी की। उसकी इस मशक्कत से बच्ची आधे घंटे में ही सकुशल बरामद हो गई।
बच्ची को बाइक सवार बदमाशों ने उसकी मां की गोद से छीना था। उसके सकुशल बरामद होने पर लोगों ने दिल्ली पुलिस की जमकर तारीफ की। घटना थाना देश बंधु रोड़ के रानी झांसी रोड ईदगाह के पास की है।
डेढ़ माह की है बच्ची
दरअसल, दिल्ली के झंडेवालान मंदिर के पास से बीजेपी के दिल्ली प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष बासु लुक्कड़ की पत्नी अपनी डेढ़ महीने की बच्ची के साथ कहीं जा रहीं थीं। बच्ची अपनी मां की गोद में थी। तभी पीछे से आए बाइक सवारों ने उसे छीन लिया और फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट डीसीपी श्वेता चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी जांच में जुट गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सारे इलाके में घेराबंदी कर दी। इसके चलते बदमाश बच्ची को रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। इससे वह पुलिस को मिल गई। इसे परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के वापस मिलने पर परिवार के लोग काफी खुश हैं।
डीसीपी श्वेता चौहान ने दी जानकारी
डीसीपी श्वेता चौहान ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आधे घंटे में ही बच्ची को ढूंढकर परिवार वालों के हवाले कर दिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। डीसीपी ने आगे कहा कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
दिल्ली पुलिस से मीटिंग करेंगे
वहीं मामले को लेकर भाजपा के पूर्व दिल्ली वाइस प्रेसिडेंट एवं पूर्व निगम पार्षद जयप्रकाश का कहना है कि लगातार इस तरीके की वारदातें हो रही हैं, इसे लेकर हम दिल्ली पुलिस से मीटिंग करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि बच्ची की मां माता रानी झंडेवाली के दर्शन करके ऑटो पकड़ने के लिए निकलीं थीं। उसी दौरान कुछ अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश आए और बच्ची को छीन कर फरार हो गए, लेकिन बड़ी बात यह है कि दिल्ली पुलिस ने महज आधे घंटे में बच्ची को ढूंढ कर उसके मां-बाप के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
