20 हजार रुपए रिश्वत के साथ पार्षद और दलाल गिरफ्तार
एनसीआई@अजमेर
एसीबी ने मंगलवार को 20 हजार रुपए रिश्वत के साथ नगर निगम वार्ड 79 के पार्षद वीरेन्द्र वालिया और एक दलाल को गिरफ्तार कर लिया। पार्षद के द्वारा शिकायतकर्ता और उसके रिश्तेदार के भूखंड निर्माण कार्य को अवैध बताते हुए निगम अधिकारियों का डर दिखाकर जेसीबी से तोड़ने की धमकी देकर 2 भूखंड के 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग कर परेशान किया जा रहा था। एसीबी इस मामले में तीसरे आरोपी की भी तलाश करने के साथ पार्षद के घर की तलाशी ले रही है।
Breaking News:-
विधानसभा में एमएलए का सनसनीखेज दावा: मैंने एक किताब लिखी है, इससे भारत के लोकतंत्र में भूचाल आ जाएगा
अजमेर एसीबी के उपाधीक्षक पारसमल जांगिड़ ने बताया कि एसीबी में 12 फरवरी 2023 को शिकायत दी गई थी। इस शिकायत में कहा गया था कि ईदगाह कॉलोनी में तीन-चार महीने पहले 210 वर्गगज का भूखंड खरीदा था। उस पर निर्माण कार्य चल रहा है। वार्ड पार्षद वीरेन्द्र वालिया उसके दलाल रोशन चीता और एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से उसे और उसके एक रिश्तेदार के भूखंड निर्माण कार्य को अवैध बताते हुए, अधिकारियों का डर दिखाकर जेसीबी से तुड़वाने की धमकी दे रहा है। वहीं, निर्माण कार्यों को निर्बाध रूप से चलने देने की एवज में 50 हजार रुपए रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है। शिकायतकर्ता से मिली रिपोर्ट के बाद मामले में सत्यापन करवाया गया। इसमें 20 हजार रुपए प्रथम किश्त 13 फरवरी को लेने पर सहमति हुई। लेकिन दलाल रोशन चीता अजमेर से बाहर चला गया तो कार्रवाई नहीं हो सकी।

2 दिन बाद रिश्वत लेते पकड़ा
एसीबी पुलिस उपाधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि मंगलवार को दलाल ईदगाह कॉलोनी निवासी रोशन चीता (27)पुत्र नाथू ने शिकायतकर्ता को अपनी ईदगाह कॉलोनी के गेट के पास स्थित परचूनी की दुकान पर बुलाया। वहां उसने 20 हजार रुपए रिश्वत राशि ली। इस पर एसीबी ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वार्ड 79 के पार्षद अरावली विहार वैशाली नगर निवासी वीरेन्द्र वालिया (67) पुत्र स्वर्गीय हरवंश वालिया को भी गिरफ्तार कर लिया। थाने में मीडिया को देखकर पार्षद वीरेन्द्र वालिया को भी गिरफ्तार कर लिया।

घर और अन्य ठिकानों पर तलाशी
एसीबी के द्वारा वार्ड पार्षद वीरेन्द्र वालिया और दलाल रोशन के निवास के साथ ही उनके अन्य ठिकानों पर भी तलाशी की जा रही है। एसीबी ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिश्तेदार पहुंचे थाने
वार्ड पार्षद वीरेन्द्र वालिया को एसीबी द्वारा पकड़े जाने की सूचना के बाद वालिया के दामाद और अन्य परिजनों सहित एडवोकेट क्रिश्चियन गंज थाने पहुंचे और एसीबी से मामले की जानकारी ली। रिश्तेदारों ने एसीबी की कार्रवाई का विरोध भी किया।
खाना और दवाई भी लेकर आए
क्रिश्चियन गंज थाने में अजमेर एसीबी द्वारा पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वार्ड पार्षद वीरेन्द्र वालिया मीडिया को देख बौखलाते हुए दिखाई दिए। थाने पर पहुंचे रिश्तेदार पार्षद वीरेन्द्र वालिया के लिए खाना और दवाई भी लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें पार्षद से नहीं मिलने दिया गया।
