सिटी बस पलटी, एक यात्री की मौत, एक दर्जन घायल
एनसीआई@जोधपुर
ग्रामीण इलाके में ओसियां थाना क्षेत्र के तिंवरी-ओसियां रोड पर सिटी बस पलटने से एक यात्री की मौत हो गई, वहीं करीब 12 यात्री घायल हो गए।
बस ओसियां से तिंवरी की तरफ जा रही थी।इसी दौरान रेलवे फाटक के पास वाली रोड पर क्षतिग्रस्त सड़क के चलते सिटी बस बेकाबू होने से पलट गई। इससे बस में सवार लगभग एक दर्जन यात्री घायल हो गए। इन्हें तुरंत ओसियां के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। इनमें से 4 लोगों की हालत गम्भीर होने से जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में यात्री पुरखाराम जाट (55) की ओसियां स्वास्थ्य केंद्र ले जाते रास्ते में मौत हो गई। पिछले एक माह में ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की यह पांचवीं घटना हुई है।
इधर, दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे के बारे में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि तिंवरी से ओसिया जाने वाली सड़क लम्बे समय से क्षतिग्रस्त है। इसके चलते यहां आए दिन हादसे होते हैं।
गुरुवार को भी क्षतिग्रस्त सड़क पर हुए गड्ढे के चलते बस बेकाबू हो गई और पलटी खा गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ओसियां थाना अधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया हादसा सिटी बस का बैलेंस बिगड़ने की वजह से हुआ। गम्भीर 4 घायलों को इलाज के लिए जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल लाया गया है।
