मदद के बहाने खिलाई नशीली मिठाई, दुष्कर्म कर अश्लील फोटो खींचे, जेवर और रुपए ऐंठता रहा, अब रिपोर्ट दर्ज
एनसीआई@जयपुर
मदद के बहाने एक महिला को नशीली मिठाई खिला दुष्कर्म कर, अश्लील फोटो खींच, ब्लेकमेल करते हुए लाखों रुपए के गहने और नगदी हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 5 साल तक इस पीड़ा को झेलती रही महिला ने अब जाकर सुभाष चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि सुभाष चौक निवासी 40 साल की महिला ने इस सम्बन्ध में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें बताया गया है कि जनवरी 2016 से महिला का पति दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। पति से मिलने वह अक्सर तिहाड़ जेल जाया करती थी। सितम्बर-अक्टूबर 2017 में वह पति से मिलकर बस से जयपुर लौट रही थी। बस में उसके पास वाली सीट पर इकराम नामक व्यक्ति बैठा हुआ था।
इस तरह फांसा अपने जाल में
इकराम ने बस में उसे रोता देखकर रोने का कारण बताने का दबाव डाला। इस पर उसने पति के जेल में बंद होने के बारे में बताया। इकराम ने मदद के बहाने से उसका मोबाइल नम्बर ले लिया। करीब 10 दिन बाद इकराम ने महिला को कॉल कर उसके पति की चार्जशीट देखने की बात कही। दूसरे दिन घर आकर इकरम चार्जशीट ले गया। जाते हुए बोला- बहुत जल्दी आपको खुशखबरी सुनाऊंगा। उस दौरान वह महिला इकराम को कॉल कर अपडेट लेने लगी।
नवम्बर 2017 की एक रात इकराम ने कॉल कर बताया कि आपके लिए बहुत बड़ी खुश खबरी है, मैं आपके घर आ रहा हूं। इस पर उसने घर में किसी के नहीं होने की बात कही तो इकराम ने सिर्फ 5 मिनट मिलने को कहा। इसके बाद उसने घर आकर उसके पति की जल्द रिहाई होने की खुशखबरी सुनाई व साथ में लाए डिब्बे से मिठाई निकालकर उसे खिलाई। उस मिठाई में नशीला पदार्थ मिला होने के कारण वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में इकराम ने उससे दुष्कर्म किया किया और मोबाइल में उसके अश्लील फोटो खींच लिए।
इसके बाद करने लगा ब्लेकमेल
इसके बाद इकराम उसे बेहोशी की हालत में छोड़ कर फरार हो गया। सुबह होश आने पर उसने आरोपी को कॉल कर गुस्सा जताया। इसके बाद फिर इकराम उसके घर पर आया और मोबाइल में बेहोशी की हालत में खींचे गए उसके अश्लील फोटो दिखाए। साथ ही किसी को इस घटना के बारे में बताने पर फोटो वायरल करने की धमकी भी दी। इन फोटुओं से ही इकराम ने उसे ब्लेकमेल करना शुरू कर दिया। से उसने लाखों रुपए के गहने और रुपए हड़प लिया। वह लगातार उसे उन अश्लील फोटुओं को सेंड कर रुपयों की मांग करता रहता है। इससे परेशान होकर महिला ने इकराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
