फलों की आड़ में मादक पदार्थ की तस्करी करते 2 गिरफ्तार, 40 लाख रुपए का गांजा पकड़ा
एनसीआई@झालावाड़
मादक पदार्थों के तस्कर पुलिस की सख्ती के चलते तस्करी को अंजाम देने के लिए नित नए जुगत लगाते हैं, तरीके आजमाते हैं। हालांकि अक्सर पुलिस फिर भी इन्हें धर दबोचने में कामयाब हो जाती है। ऐसा ही एक मामला झालावाड़ जिले में सामने आया है। पुलिस ने फलों की आड़ में तस्करी करते हुए गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है।
एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई के तहत अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत झालावाड़ डीएसटी टीम और मंडावर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 200 किलो अवैध गांजा पकड़ा है। इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए है। इस मामले में दो तस्कर आरिफ रहमान और वाजिद अली उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एएसपी चिरंजीलाल मीणा और सीओ खानपुर नानालाल साल्वी के सुपरविजन में मंडावर थानाधिकारी शरीफ अहमद और झालावाड़ डीएसटी के प्रभारी एएसआई भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में नाकाबंदी की गई थी। तीनधार के पास कालीसिंध नदी की पुलिया पर नाकाबंदी के दौरान अकलेरा की तरफ से आते हुए एक ट्रक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर चालक व खलासी ने ट्रक को रोककर खुद भागने का प्रयास किया। मगर पुलिस ने पीछा करते हुए दोनों को धर दबोचा और भागने का कारण पूछा।
पूछताछ में पुलिस को दोनों पर संदेह हुआ। इस पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें रखे कट्टों में गांजा मिला। पुलिस ट्रक को जब्त कर थाने लेकर आई। यहां गांजे को तोला गया तो वह करीब 200 किलो निकला। पुलिस ने गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
