अजमेर के सम्भागीय आयुक्त का रीडर 95 हजार रुपए लेते ट्रेप, 5 हजार रुपए पहले ले चुका था
अजमेर। रीडर याकूब बख्श को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद उसके हाथ धुलवाती एसीबी की टीम।
एनसीआई@अजमेर
अजमेर सम्भागीय आयुक्त भंवरलाल मेहरा के कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी कम रीडर याकूब बख्श को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने 95 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। उसने सजा की अपील में निर्णय फेवर में करने के लिए रिश्वत मांगी थी। आरोपी रीडर पांच हजार रुपए पहले ले चुका था। एसीबी याकूब बख्श से पूछताछ करने में जुटी है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) के अनुसार-एसीबी की एसयू अजमेर इकाई को परिवादी ने शिकायत दी थी कि विभागीय कार्यवाही में दी गई सजा की अपील में निर्णय पक्ष में करवाने की एवज में याकूब बक्श सहायक प्रशासनिक अधिकारी कम रीडर, कार्यालय सम्भागीय आयुक्त, अजमेर द्वारा 1 लाख 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा है।
इस पर एसीबी अजमेर के उप महानिरीक्षक पुलिस समीर कुमार सिंह के सुपरविजन में एसीबी एसयू, अजमेर इकाई के उप अधीक्षक पुलिस राकेश वर्मा के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन किया गया। इसके बाद याकूब बक्श पुत्र अली बक्श निवासी भूणाबाय, केसर किड्स स्कूल वाली गली, जयपुर रोड, अजमेर हाल सहायक प्रशासनिक अधिकारी कम रीडर, कार्यालय सम्भागीय आयुक्त, अजमेर को परिवादी से 95 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी रीडर ने शिकायत के सत्यापन के दौरान ही परिवादी से 5 हजार रुपए रिश्वत ले ली थी। एसीबी के महानिरीक्षक पुलिस सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हेल्पलाइन नं. 1064 एवं Whatsapp हेल्पलाइन नं. 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयेाग करें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी।
भू अभिलेख निरीक्षक है परिवादी
अलीगढ़ के भू-अभिलेख निरीक्षक हरिपाल वर्मा ने शिकायत दी थी कि एसडीएम उनियारा ने 17 सीसी का नोटिस दिया और उसमें एक साल की सजा दे दी। इसकी अपील की थी। इस पर पक्ष में निर्णय करने के लिए यह रिश्वत मांगी गई।
मकान से मिले 16.15 लाख रुपए
अजमेर एसीबी के द्वारा आरोपी रीडर याकूब के रिहायशी मकान शिव मंदिर, कंकरदा भूणाबाय की तलाशी की गई। इस तलाशी में एसीबी को रीडर के मकान से 16 लाख 15 हजार रुपए और चार भूखंडों के दस्तावेज मिले हैं। इनमें से 2 भूखंड जयपुर और 2 भूखंड अजमेर में होना पाए गए हैं।
