राजस्थान: 45 डिग्री तापमान, लू ने झुलसाया,15 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के पश्चिमी जिलों में अब वापस गर्मी बढ़ने लगी है। गंगानगर, जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर में दिन का तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। झुंझुनूं के पिलानी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। लगातार चल रही गर्म हवाओं (हीट वेव) ने परेशानी बढ़ा दी है। आज दोपहर में भी लू का तेज प्रकोप रहा।
गर्मी का ये दौर अगले दो दिन और रहेगा। इसमें 23 मई से राहत मिलने की उम्मीद है। पंजाब और पाकिस्तान की सीमा पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनेगा। इसके बाद एक ट्रफ लाइन बनेगी। इसके असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ राजस्थान के आधे हिस्सों में थंडर स्टॉर्म (आंधी-तूफान) का असर देखने को मिलेगा। राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में 23 से 25 मई के बीच आंधी-बारिश का दौर चल सकता है।
राज्य में आज मौसम पूरी तरह शुष्क है। सुबह से धूप निकल रही है। कोटा, जोधपुर, बाड़मेर में रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ। कल बाड़मेर और गंगानगर में दिन के अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ।
कल सबसे ज्यादा गर्म दिन पिलानी का रहा, जहां का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इधर अजमेर, उदयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, धौलपुर, डूंगरपुर, सिरोही और करौली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर चला गया, जो एक दिन पहले तक 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे था।
आज और तेज गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आज गर्मी का असर तेज रह सकता है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों गंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, चूरू, बाड़मेर, जैसलमेर एरिया में दिन में हीटवेव चलने की आशंका है। इन शहरों में दिन का तापमान आज भी 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की आशंका है।
22 की शाम से बदलेगा मौसम
तेज गर्मी और हीट वेव से राहत 22 मई की शाम से मिलने लगेगी। 22 मई से एक नया सिस्टम विकसित होगा, जिसके असर से अगले 2-3 दिन तक राज्य के आधे हिस्से में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी चल सकती है।
वेदर एक्सपट्र्स के मुताबिक पंजाब-पाकिस्तान के ऊपर एक नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनेगा। इससे एक बड़ी ट्रफ लाइन बनेगी। इसके कारण राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब के अलावा उत्तरप्रदेश, मध्य प्रदेश के जिलों में मौसम बदलेगा और वहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी।
इन संभागों में दिखेगा इस सिस्टम का असर
राजस्थान में इस सिस्टम का असर सबसे ज्यादा बीकानेर व जयपुर संभाग में देखने को मिलेगा। वहीं अजमेर और भरतपुर संभाग के जिलों में भी एक या दो दिन इस सिस्टम के असर से बारिश-आंधी हो सकती है। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में हनुमानगढ़, गंगानगर, चूरू, बीकानेर, झुंझुनूं और अलवर का एरिया रह सकता है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
अजमेर 40 28.7
बाड़मेर 43.9 29.7
बीकानेर 42.3 27.2
चूरू 41.5 24
जयपुर 39.8 27.3
जैसलमेर 43 28.8
जोधपुर 41.8 31.2
कोटा 42.6 29.2
गंगानगर 38.5 24
उदयपुर 40.2 28.2
