शिक्षा निदेशालय के सामने भैंस के आगे बीन बजाकर सरकार को दिया संदेश, कल से जयपुर कूच (वीडियो)
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले की मांग को लेकर शिक्षक संघ शेखावत का 5 दिन से जारी है महापड़ाव
एनसीआई@बीकानेर
राजस्थान में लम्बे समय से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों की मांग उठ रही है, लेकिन इस पर अब तक कोई निर्णय होता दिखाई नहीं दे रहा है। इसके चलते राज्य भर के तृतीय श्रेणी शिक्षक एकजुट हो रहे हैं। इसके तहत शिक्षक संघ शेखावत की ओर से बीकानेर स्थित शिक्षा निदेशालय पर 5 दिन से महापड़ाव डाला हुआ है।
इस क्रम में आज शनिवार को राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के बैनर तले शिक्षकों ने शिक्षा निदेशालय के सामने भैंस के आगे बीन बजा कर शिक्षा मंत्री और सरकार तक अपना संदेश भेजने का प्रयास किया।
संगठन के प्रदेश मंत्री श्रवण पुरोहित ने कहा- 5 दिन से धरने पर बैठे हैं, मगर हमारी ना सरकार सुन रही है ना शिक्षा मंत्री। इस पर हमें आज मजबूरन भैंस के आगे बीन बजा कर सरकार को जगाने का प्रयास करना पड़ा। सरकार से कहना है कि आप हमारी मांगों को तुरंत प्रभाव से लागू कर दें, अन्यथा कल रविवार से शिक्षक संघ शेखावत के शिक्षक पैदल जयपुर के लिए कूच करेंगे और सरकार का घेराव करेंगे।
