April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

विशेष गिरदावरी की बात पर विधायक और तहसीलदार में विवाद के बाद हाथापाई की नौबत

विशेष गिरदावरी की बात पर विधायक और तहसीलदार में विवाद के बाद हाथापाई की नौबत

एनसीआई@हनुमानगढ़

फसल खराबे की विशेष गिरदावरी की बात पर संगरिया पंचायत समिति में बीजेपी विधायक और तहसीलदार में विवाद के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। बात बढ़ी तो बैठक में मौजूद अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। इसके बाद लोगों की सलाह मान कर तहसीलदार बाहर चले गए।

विधायक गुरदीप शाहपीनी
विधायक गुरदीप शाहपीनी

जानकारी के अनुसार संगरिया क्षेत्र में बरसात, ओलावृष्टि और अंधड़ से किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। शनिवार को पंचायत समिति ऑफिस में राजीव गांधी जल संरक्षण योजना के तहत परियोजनाओं की तैयारी की डीपीआर के अनुमोदन के लिए बैठक हुई। इसमें किसानों के फसल खराबे पर चर्चा चल रही थी। इस दौरान संगरिया विधायक गुरदीप शाहपीनी ने फसल खराबे की स्पेशल गिरदावरी की मांग की। इस पर उनका तहसीलदार विश्व प्रकाश चारण से विवाद हो गया।

एमएलए ने तब तहसीलदार को बाहर जाने के लिए कह दिया। इस पर तहसीलदार ने कहा, मैं क्यों जाऊं, आप जाइए। इस पर विधायक ने कहा कि क्या बोल रहे हैं, थप्पड़ मारूंगा। तहसीलदार ने कहा कि तेरे लगेगी। इसके बाद दोनों में हाथापाई शुरू हो गई।

बैठक में मौजूद एसडीएम रमेश देव, विकास अधिकारी पवन सुथार व जनप्रतिनिधियों ने बीच बचाव किया। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य विक्रम कलहरी ने फर्श पर बैठकर तहसीलदार के खिलाफ नारे लगाए। कलहरी और तहसीलदार के बीच भी बहस हुई। आखिरकार तहसीलदार को मौके से जाना पड़ा, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

विशेष गिरदावरी की बात पर उखड़े तहसीलदार

विधायक गुरदीप शाहपीनी ने बताया कि शनिवार को आरजीएसवाई की बैठक थी। इसमें ग्राम पंचायतों के कामों का अनुमोदन करना था। इसके बाद ओलावृष्टि से जो नुकसान हुआ है, उस पर चर्चा हुई। चर्चा करते-करते तहसीलदार उखड़ गए और मेरे साथ दुर्व्यवहार किया। पंचायत समिति सदस्यों से तहसीलदार की चर्चा चल रही थी तो मैंने भी बीच में पूछ लिया कि फसल खराबे की इकाई किसको मानेंगे। वो इस बात को स्पष्ट नहीं बता पाए।

एमएलए का कहना है कि, हम इतना ही कह रहे थे कि नरमा, बाग और अन्य फसल का नुकसान हुआ है, उन सभी को विशेष गिरदावरी में शामिल करें। मैंने कहा था कि बिजाई अभी 25 प्रतिशत ही हुई है, उसे आप शत प्रतिशत बता रहे हो, इससे किसानों को क्लेम नहीं मिल पाएगा।

इसी बात को लेकर तहसीलदार उखड़ गए और धमकियां देने लग गया। तहसीलदार बदतमीजी से भी पेश आए। इस पर पंचायत समिति सदस्यों, प्रधान, सरपंचों ने उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया है। सोमवार को भाजपा की बैठक है। इसमें हम चर्चा करेंगे कि तहसीलदार को जब तक एपीओ नहीं किया जाएगा, हम उसे ऑफिस में बैठने नहीं देंगे। एमएलए ने कहा कि इस व्यवहार के कारण तहसीलदार को गांवों में चल रहे किसी भी शिविर में घुसने नहीं देंगे।

सर्वे में हमने खराबा बताया, विधायक बोले- खराबा नहीं हुआ

वहीं इस मामले में तहसीलदार विश्व प्रकाश चारण का कहना है कि, हाल ही में क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि के बाद कलेक्टर के आदेश थे कि आपके क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट दें। हमने सर्वे करके रिपोर्ट तैयार कर ली, जिसमें खराबा होना दिखाया है। विधायक ने कहा कि खराबा हुआ नहीं तो आपने कैसे दिखा दिया। मैंने कहा कि सर खराबा बिल्कुल हुआ है, खेतों में घुटनों तक पानी हो गया, जिससे खराबा हुआ है।

तहसीलदार के अनुसार, इस पर विधायक ने कहा कि बिजाई 25 प्रतिशत ही हुई है, मैंने बताया कि नहीं, 70 प्रतिशत हो चुकी है। नरमा की बिजाई किसान कर चुके थे। विधायक ने आरोप लगाया कि आपने गलत रिपोर्ट बनाई है। इतना नुकसान हुआ ही नहीं है तो मैंने उनकी बात को काटा था कि खराबा हुआ है। उनका कहना था कि खराबा नहीं हुआ है। इस दौरान उन्होंने मुझे थप्पड़ मारने की बात कही और बोले कि बाहर जाओ।

मैंने भी कह दिया कि मैं क्यों बाहर जाऊं, मैंने क्या गलत किया। तहसीलदार चारण ने बताया कि दरअसल बैठक पंचायतों में हुए विकास कामों को लेकर थी। फसल खराबा का एजेंडा बैठक में नहीं था। मुझे नहीं पता कि ये एजेंडा क्यों रखा गया?

एसडीएम ऑफिस का करेंगे घेराव

पंचायत समिति सदस्य विक्रम सिंह कलहरी, सरपंच सुरेद्र जाखड़, गुरसाहिब सिंह ने कहा कि विरोधी स्वरूप तहसीलदार के खिलाफ और ओलावृष्टि मुआवजे को लेकर सोमवार सुबह 10 बजे सभी किसान और जनप्रतिनिधि एसडीएम ऑफिस का घेराव करेंगे। तहसीलदार विश्व प्रकाश चारण को सस्पेंड करवाने की मांग करेंगे। तहसीलदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी तो आगे रणनीति बनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.