April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सरपंच के घर में घुसे लुटेरे, बेटे को गोली मारी, 8 लाख कैश और गहने लूट‌कर भागे, लोगों ने दो लुटेरे पकड़ कर पुलिस को सौंपे

सरपंच के घर में घुसे लुटेरे, बेटे को गोली मारी, 8 लाख कैश और गहने लूट‌कर भागे, लोगों ने दो लुटेरे पकड़ कर पुलिस को सौंपे

एनसीआई@चूरू

जिले के राजगढ़ में शुक्रवार रात हथियारों से लैस बदमाश इंदासर गांव के सरपंच के घर में घुसे और 8 लाख कैश और सोने-चांदी के गहने लूट लिए। इस दौरान सरपंच का बेटा जाग गया। उसने एक बदमाश को दबोच लिया, तभी दूसरे बदमाश ने उस पर गोली चला दी। गोली सरपंच के बेटे के कंधे पर लगी। गोली की आवाज सुनकर गांव में आसपास के लोग जमा हो गए। भागते-भागते बदमाशों ने 4 राउंड फायरिंग की। ग्रामीणों ने पीछा किया और 2 बदमाशों को पकड़ लिया।

इंदासर के सरपंच सुनील गोस्वामी ने बताया- शुक्रवार की रात वह और उनकी पत्नी घर के आंगन में सो रहे थे। वहीं 2 बेटे, बहुएं और 3 पोते-पोती कमरे में सो रहे थे। रात करीब 2 बजे हथियारों से लैस 6-7 बदमाश उनके घर में घुस आए। आवाज सुनकर सरपंच की पत्नी जाग गई। उसने शोर मचाया तो बेटा पुनीत जाग गया। उसने घर में घुसे एक बदमाश को पकड़ लिया। इस दौरान दूसरे लुटेरे ने गोली चला दी। गोली पुनीत के कंधे पर लगी। इस दौरान अन्य बदमाशों ने घर से 8 लाख रुपए कैश और सोने-चांदी के गहने लूट लिए और भागने लगे। इधर शोर सुनकर गांव के लोग जाग गए थे। इस दौरान बदमाशों ने 4 राउंड फायरिंग और की, मगर ग्रामीणों ने पीछा कर 2 बदमाशों को पकड़ लिया।

हरियाणा के हॉस्पिटल में कराया भर्ती

घायल पुनीत को इलाज के लिए हिसार (हरियाणा) के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। ऑपरेशन कर उसके कंधे से गोली निकाल ली गई है। घायल की हालत सामान्य है। घर वालों ने बताया कि पुनीत झींगा मछली पालन का बिजनेस करता है। शुक्रवार दिन में वह 4 लाख रुपए कैश लाया था, जबकि 4 लाख कैश पहले से मौजूद था।

बदमाशों को किया पुलिस के हवाले

फायरिंग की सूचना मिलने पर एसपी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने एसपी को खरी-खोटी सुनाई और कहा-मात्र एक किलोमीटर दूर गोठया चौकी है। इसके बावजूद पुलिस घटना के डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पकड़े हुए बदमाशों को पुलिस के हवाले किया, आपकी पुलिस ने क्या किया? चौकी एक कॉन्स्टेबल के भरोसे चल रही है। ग्रामीणों ने पुलिस चौकी में पुलिसकर्मी बढ़ाने की मांग भी की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और लुटेरों के पैरों के निशान के साथ ही मौके पर पड़े खून को भी कवर किया।

मुठभेड़ के बाद एक और बदमाश पकड़ा गया

घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर शनिवार शाम करीब 5 बजे मांगला जोहड़ी में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे सादुलपुर के राजकीय अस्पताल लाया गया है। घटना की सूचना के बाद मौके पर एसपी राजेश और डीएसपी असलम खान भी पहुंच गए थे।

पुलिस ने 6 लोगों को डिटेन किया

एसपी राजेश कुमार ने बताया कि देर रात हुई घटना के दौरान ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और 2 बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में 6 लोगों को डिटेन किया गया है। पुलिस के समय पर नहीं पहुंचने के आरोप पर एसपी ने कहा कि ऐसा नहीं है। पूरी टीम रात से ही लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.