नहरों में पानी नहीं छोड़ा तो गुरुवार को किसान कर देंगे बूंदी-नैनवां स्टेट हाईवे जाम, धरना शुरू
एनसीआई@बूंदी/खटकड़
एक ओर पिछले कई दिनों से मानसून की बेरुखी होने से फसलों को पानी की आवश्यकता पड़ने लगी है, वहीं नहरों में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इसके चलते फसलों के खराब होने की आशंका पैदा होने लगी है। बूंदी जिले के खटकड़ क्षेत्र का भी यही हाल है। इसी के चलते खटकड़ क्षेत्र की 7 ग्राम पंचायत क्षेत्रों के 50 गांवों के किसानों ने जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन देकर 24 घंटे में नहरों में पानी छोड़ने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर गुरुवार दोपहर 12 बजे से बूंदी-नैनवां स्टेट हाईवे नम्बर 29 को अवरुद्ध कर वहीं पर धरना देने की चेतावनी दी।
अपनी मांगों को लेकर आज बुधवार को करीब 11 बजे ये 50 गांवों के किसान गणेशपुरा टोल के समीप राघव बावड़ी, गणेश मंदिर में इकट्ठे हुए। यहां विचार विमर्श करने के बाद 13 किसानों को धरने पर बैठाने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन देकर चेतावनी दी।
धरने पर जो 13 किसान बैठे हैं उनमें भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण गौतम, मांगीलाल मीणा-काटूनारा, दिलबाग सिंह-राताबरड़ा, जानकी लाल यादव-ओंकारपुरा, रामप्रकाश प्रजापत-राताबरड़ा, भंवर लाल गुर्जर-नयागांव, भंवर लाल मीणा-गणेशपुरा, भंवर लाल मीणा- नयागांव, शिवराज गुर्जर अध्यक्ष झर बालापुरा ग्राम सहकारी समिति, लटूर यादव-झारबालापुरा, रघुनाथ यादव- नयागांव, बलराम यादव- ओंकारपुरा व कजोड़ लाल शृंगी-जावटी कला शामिल हैं।
