April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

24 दिन पहले सरकार से फ्री में मिला मोबाइल फटा, अलमारी में रखे हजारों रुपए, कपड़े और डॉक्युमेंट जले

24 दिन पहले सरकार से फ्री में मिला मोबाइल फटा, अलमारी में रखे हजारों रुपए, कपड़े और डॉक्युमेंट जले

एनसीआई@अजमेर

अजमेर शहर के कोटड़ा की एक महिला को इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना के तहत मिले मोबाइल फोन में शुक्रवार सुबह ब्लास्ट हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। मगर जिस अलमारी में यह फोन था, उसमें रखे हुए 21 हजार रुपए, कपड़े और दस्तावेज जल गए। इस पर लाभार्थी महिला ने मोबाइल की क्वालिटी पर सवाल उठाए हैं।

यह घटना वाल्मीकि कॉलोनी, कोटड़ा निवासी अनु देवी के घर में हुई। अनु देवी घरों में खाना बनाने का काम करती हैं। वह सुबह काम पर गई हुईं थीं। 15 वर्षीय बेटा अनुराग घर पर था। उन्हें करीब 10 बजे बेटे अनुराग ने फोन कर बताया कि अलमारी से धुआं निकल रहा है। इस पर वह घबरा कर भागती हुईं घर पहुंचीं। अलमारी को खोलकर देखा तो स्मार्टफोन में ब्लास्ट हुआ मिला। अलमारी में धुआं भरा हुआ था। मोबाइल के साथ रखा चार्जर भी जल गया था। अनु देवी को Redmi A 2 मोबाइल 22 अगस्त को जवाहर रंग मंच केंद्र में मिला था।

रुपए, कपड़े और डॉक्युमेंट जलकर खाक

अनु ने बताया कि मोबाइल में ब्लास्ट होने से अलमारी में रखे 21 हजार रुपए, 25 हजार रुपए के कपड़े और दस्तावेज जलकर खाक हो गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अनु ने कहा कि सरकार को अच्छी क्वालिटी के मोबाइल देने चाहिएं। खराब क्वालिटी के मोबाइल से किसी के साथ भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं अनु देवी के रिश्तेदारों ने कहा कि चुनाव का समय आते ही जनता को आकर्षित करने और राजनीति चमकाने के लिए मोबाइल दिए जा रहे हैं।

अनु देवी को फ्री मोबाइल फोन लेने के लिए यह संदेश मिला था।
अनु देवी को फ्री मोबाइल फोन लेने के लिए यह संदेश मिला था।

उल्लेखनीय है कि अशोक गहलोत सरकार ने इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना के तहत राज्य की 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं को फ्री स्मार्टफोन देने की घोषणा की थी। जानकारों का कहना है कि अधिक चार्ज करने या बैटरी फूलने से मोबाइल में ब्लास्ट हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.