अपनी आदत से लाचार अधीर रंजन लोकसभा में फिर कर बैठे गलती, इस पर मिला यह मुंहतोड़ जवाब
एनसीआई@नई दिल्ली
संसद के विशेष सत्र में आज महिला आरक्षण बिल पर चर्चा हो रही है। लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष द्वारा मिले सहयोग की तारीफ की। लेकिन इसी बीच राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बीच नोंकझोंक हुई। दरअसल, अधीर रंजन बार-बार राजनाथ से चीन के मुद्दे पर बात करने को कह रहे थे। इस पर राजनाथ ने कहा चीन के मुद्दे पर बात करने की पूरी हिम्मत है।
यह है पूरा वाकया
सदन में राजनाथ सिंह महिला आरक्षण बिल पर अपने विचार रख रहे थे। साथ ही इस बिल का समर्थन करने वाले सभी विपक्षी सांसदों को धन्यवाद दे रहे थे। इसी बीच कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी उन्हें बार-बार टोकने लगे। अधीर रंजन खड़े हुए और रक्षा मंत्री को बीच में रोकते हुए बोले- चीन पर चर्चा करने की हिम्मत है? एक-दो बार तो राजनाथ ने अधीर की बात को टाल दिया, लेकिन फिर राजनाथ बोले-‘पूरी हिम्मत है।’
राजनाथ बोले- इतिहास में मत ले जाओ
इसके बाद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सरकार ने आश्वसान दिया है कि चीन पर चर्चा होगी, लेकिन आपने अपना वादा पूरा नहीं किया। इसके बाद भी अधीर रंजन लगातार राजनाथ से सवाल करते रहे। अन्य सांसदों ने भी सवाल करने शुरू कर दिए। उन्होंने पूछा कि चीन ने हमारी सीमा में कितना कब्जा किया? राजनाथ कुछ समय तक शांत रहे और फिर कहा- हमने सुन ली आपकी बात, अब हमारी भी सुन लो। इतिहास में मत ले जाओ। मैं चर्चा करने को तैयार हूं। मैं सीना चौड़ा करके चर्चा करने के लिए तैयार हूं। इस पर सत्तापक्ष के सांसद टेबल थपथपाने लगे।
चंद्रयान 3 की सफलता निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धि
राजनाथ सिंह ने अपने सम्बोधन में आगे चंद्रयान 3 की सफलता का भी जिक्र करते हुए कहा, “चंद्रयान-3 की सफलता हमारे लिए निश्चित रूप से एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि एक तरफ दुनिया के अधिकांश विकसित देश हैं, जो हमसे कहीं अधिक संसाधन-सम्पन्न होते हुए भी चांद पर पहुंचने के लिए अब भी प्रयासरत हैं, तो वहीं दूसरी तरफ हम बेहद सीमित संसाधनों से चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाले दुनिया के पहले देश बन गए हैं। मैं सबसे पहले ISRO के वैज्ञानिक और व्यापक भारतीय वैज्ञानिक समुदाय को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।”… सरकार ही नहीं बल्कि पूरे देश को वैज्ञानिकों पर गर्व है।”
